छत्तीसगढ़

शराब दुकान के सामने बच्चों को लेकर बैठे ग्रामीण, बंद करने की मांग

Nil dhankar
14 May 2026 2:02 PM IST
शराब दुकान के सामने बच्चों को लेकर बैठे ग्रामीण, बंद करने की मांग
x
छग

राजनांदगांव। जिले के गैंदाटोला स्थित शराब दुकान को बंद करने की मांग लेकर तीन गांव के ग्रामीण गुरुवार को धरने पर बैठ गए। हालांकि शराब दुकान के मुद्दे को लेकर गैंदाटोला के बाशिंदे समर्थन में है। जबकि समीपस्थ स्थित तीन गांव के लोग शराब दुकान को बंद करने के लिए एकजुट हो गए हैं। इसी के चलते आज सुबह से लुलीकसा, लोनाटोला और कोयलारी समेत आसपास के आधा दर्जन गांव के ग्रामीण विरोध में सामने आ गए हैं। बताया जा रहा है कि प्रदर्शन की वजह से पुलिस ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं। प्रदर्शनकारियों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। गैंदाटोला में पिछले कुछ दिनों से शराब दुकान के समर्थन और विरोध की स्थिति से पुलिस के लिए उलझन पैदा हो गई है।

मिली जानकारी के मुताबिक गैंदाटोला में शराब दुकान बंद कराने को लेकर ग्रामीणों के बीच मतभेद उभरे हैं। तीन गांव के लोगों ने शराब दुकान बंद कराने के लिए सीधे प्रशासन से मांग की है।

आवाज उठाने वाले लुलीकसा, लोनाटोला और कोयलारी के ग्रामीण शराब दुकान के संचालन से गांव में माहौल खराब होने की शिकायत कर रहे हैं। प्रशासन से भी लिखित तौर पर उक्त गांव के ग्रामीणों ने शराब दुकान बंद करने की मांग की थी। जबकि गैंदाटोला के रहवासी इस मामले को लेकर मौन साधे हुए हैं। पिछले दिनों गैंदाटोला के लोगों ने खुलकर शराब दुकान संचालन के लिए सहमति जताई थी।

Next Story