छत्तीसगढ़

बेदखली नोटिस के खिलाफ ग्रामीणों ने खोला मोर्चा, प्रशासन को दिया अल्टीमेटम

jantaserishta.com
24 Nov 2026 1:33 PM IST
बेदखली नोटिस के खिलाफ ग्रामीणों ने खोला मोर्चा, प्रशासन को दिया अल्टीमेटम
x
छत्तीसगढ़.
नगरी: धमतरी जिले के नगरी तहसील क्षेत्र में वन भूमि पर वर्षों से खेती कर रहे आदिवासी ग्रामीणों को बेदखली नोटिस जारी किए जाने से विवाद गहरा गया है। उमरादेहान, कौहाबाहरा और दुगली क्षेत्र के ग्रामीणों का कहना है कि वे करीब 50 वर्षों से इन जमीनों पर खेती कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। ऐसे में वन विभाग की कार्रवाई के खिलाफ ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से न्याय की मांग की है।
ग्रामीणों के मुताबिक, 30 अक्टूबर को दुगली थाना परिसर में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में बैठक आयोजित की गई थी। इसमें जीपीएस सर्वे कर 15 दिनों के भीतर समस्याओं का निराकरण करने का आश्वासन दिया गया था। एसडीएम नगरी की मौजूदगी में ग्रामीणों ने अपना आंदोलन स्थगित कर दिया था।
इसके बाद 1 से 18 नवंबर तक वन कक्ष क्रमांक 255, 256 और 258 में जीपीएस सर्वे कराया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि सर्वे के जरिए समस्या का समाधान करने के बजाय 19 नवंबर को वन विभाग ने भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 80 'अ' के तहत बेदखली नोटिस जारी कर दिया। इससे प्रभावित परिवारों में नाराजगी बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने 1987 के सिहावा-नगरी भू-आंदोलन के दौरान हुए समझौते का हवाला देते हुए कहा कि कई गांवों के विस्थापन और ग्रामीणों के अधिकारों से जुड़े मामले अब तक लंबित हैं। इसके अलावा वन कक्षों के बीट बंटवारे में विसंगतियों को भी विवाद की एक वजह बताया गया है।
प्रभावित ग्रामीणों ने बेदखली नोटिस वापस लेने, जीपीएस सर्वे की रिपोर्ट सार्वजनिक करने, जिम्मेदार अधिकारियों की जांच कराने और वर्षों से काबिज किसानों के अधिकारों का न्यायसंगत समाधान करने की मांग रखी है।
ग्रामीणों ने प्रशासन को 25 नवंबर तक का समय देते हुए चेतावनी दी है कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर चक्काजाम और जेल भरो आंदोलन किया जाएगा। अब प्रशासन के अगले कदम पर प्रभावित आदिवासी परिवारों की नजरें टिकी हुई हैं।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story