छत्तीसगढ़

घर का ताला तोड़कर चोरी की कोशिश आरोपी को ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ा

Shantanu Roy
2 Sept 2026 11:18 PM IST
घर का ताला तोड़कर चोरी की कोशिश आरोपी को ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ा
x
छग
Kanker. कांकेर। जिले के नरहरपुर थाना क्षेत्र में एक मकान का ताला तोड़कर चोरी करने की कोशिश का मामला सामने आया है। घर के अंदर से आवाज सुनकर मकान मालकिन ने आसपास के लोगों को बुलाया तो आरोपी बाड़ी की तरफ भागने लगा। ग्रामीणों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस को इसकी जानकारी दी। नरहरपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई गैती और टूटा हुआ ताला जब्त किया है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घटना 1 सितंबर 2026 की है। शीतलापारा कोचवाही निवासी सत्यभामा कोरेटी अपने पुत्र के साथ सुबह करीब 8 बजे घर में ताला लगाकर खेत में काम करने के लिए गई थीं। दोपहर करीब 2:30 बजे जब वह खेत से वापस अपने घर पहुंचीं तो दरवाजे पर लगा ताला टूटा हुआ मिला। घर का ताला टूटा देखकर उन्हें संदेह हुआ। इसी दौरान मकान के अंदर से आवाज भी सुनाई दी। इसके बाद सत्यभामा ने आसपास मौजूद लोगों को बुलाया। लोगों के एकत्र होने के दौरान एक व्यक्ति घर से निकलकर बाड़ी की ओर भागने लगा। ग्रामीणों ने उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति की पहचान संजय कोरेटी उम्र 36 वर्ष निवासी कोचवाही थाना नरहरपुर के रूप में हुई। मामले की सूचना नरहरपुर पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी करने की नीयत से मकान में प्रवेश करने और ताला तोड़ने की बात स्वीकार की। पीड़िता की शिकायत के आधार पर नरहरपुर थाने में अपराध क्रमांक 180/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(3), 305 और 62 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस ने आरोपी संजय कोरेटी पिता नंदू राम कोरेटी उम्र 36 वर्ष निवासी कोचवाही थाना नरहरपुर जिला उत्तर बस्तर कांकेर को 1 सितंबर को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान घटना में इस्तेमाल की गई गैती और मकान का टूटा हुआ ताला भी जब्त किया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन और अनुविभागीय अधिकारी
पुलिस हरीश पाटिल
के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई में नरहरपुर थाना प्रभारी निरीक्षक सोमेश सिंह बघेल, सहायक उप निरीक्षक पल्दु राम मण्डावी, प्रधान आरक्षक खेमराज नेताम, आरक्षक रैन कुमार जैन, हेमराज नेताम और रामनाथ ध्रुव की भूमिका रही। कांकेर पुलिस ने लोगों से अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन के साथ किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की जानकारी पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
Next Story