छत्तीसगढ़

फसल बचाने खेत में लगाया करंट वाला तार, ग्रामीण की मौत, आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
20 Sept 2026 7:30 PM IST
फसल बचाने खेत में लगाया करंट वाला तार, ग्रामीण की मौत, आरोपी गिरफ्तार
x
छग
Balrampur. बलरामपुर। फसल की सुरक्षा के लिए खेत के चारों ओर करंट प्रवाहित तार लगाने का मामला बलरामपुर जिले में सामने आया है। करंट लगे तार की चपेट में आने से एक ग्रामीण की मौत हो गई। मामले में थाना त्रिकुंडा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं, छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में भी खेत में 33 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

मक्का बाड़ी के चारों ओर लगाया था करंट वाला तार
पहला मामला बलरामपुर जिले के थाना त्रिकुंडा क्षेत्र के गोवर्धनपुर (सुईदोहर) का है। पुलिस के अनुसार, रोहित लाल श्यामले ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि गांव के रहने वाले लहन राम पिता रामटहल (40 वर्ष) की करंट लगने से मौत हुई है। बताया गया कि 8 सितंबर 2026 को लहन राम अपनी बाड़ी में जोताई करने गया था। इसी दौरान पानी पीने के लिए वह आरोपी राम सिंह के घर के पास स्थित मक्का बाड़ी के रास्ते से जा रहा था। आरोप है कि राम सिंह पिता सुधु राम निवासी गोवर्धनपुर ने अपनी मक्का फसल की सुरक्षा के लिए बिजली पोल से तार खींचकर बाड़ी के चारों ओर जीआई तार लगा दिया था और उसमें करंट प्रवाहित कर रखा था।

करंट लगने से मौके पर मौत
लहन राम जैसे ही उस तार की चपेट में आया, उसे तेज करंट लगा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। घटनास्थल निरीक्षण, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी वाड्रफनगर के कनिष्ठ यंत्री से मिले प्रतिवेदन के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

आरोपी पर इन धाराओं में कार्रवाई
जांच में आरोपी राम सिंह का कृत्य अपराध पाए जाने पर उसके खिलाफ धारा 105 बीएनएस और विद्युत अधिनियम 2005 की धारा 135 के तहत मामला दर्ज किया गया। विवेचना के बाद पुलिस ने आरोपी राम सिंह (24 वर्ष) निवासी गोवर्धनपुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

कवर्धा में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से किसान की मौत
वहीं दूसरा मामला छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के एडू गांव का है। यहां खेत जाते समय 33 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से 45 वर्षीय ग्रामीण गजन्ता राठिया की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, गजन्ता राठिया शुक्रवार को खेत गए थे। खेत में बने मचान को पार करते समय उनका हाथ अचानक हाईटेंशन लाइन से छू गया, जिससे उन्हें तेज करंट लगा और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना बाजारपारा साहू मोहल्ले से करीब 500 मीटर दूर खेत में हुई।

तलाश करने पहुंचे परिजनों को मिला शव
परिजनों के अनुसार, गजन्ता सुबह करीब 11 बजे घर से खेत के लिए निकले थे। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटे तो परिवार के लोग उनकी तलाश में खेत पहुंचे। खेत में शव मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस और बिजली विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दोनों घटनाओं ने ग्रामीण इलाकों में बिजली सुरक्षा और खेतों में अवैध रूप से करंट प्रवाहित तार लगाने के खतरे को एक बार फिर सामने ला दिया है।
Next Story