छत्तीसगढ़
खतरनाक स्टंट का वीडियो वायरल: तेज रफ्तार कार और बाइक से मौत को दावत दे रहे युवक
Shantanu Roy
19 Oct 2025 11:36 PM IST

x
छग
Surguja. सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां कुछ युवकों का खतरनाक स्टंट करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो अंबिकापुर-मैनपाट रोड का है, जो हाल ही में वायरल हुआ है। वीडियो में कुछ युवक तेज रफ्तार कारों और बाइकों पर न केवल खतरनाक करतब दिखा रहे हैं, बल्कि कई युवक तो कार के दरवाजे से लटककर बाहर निकलकर वीडियो शूट करते नजर आ रहे हैं। यह पूरा घटनाक्रम दरिमा थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुआ बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर से दरिमा होकर मैनपाट की ओर जाने वाले मार्ग पर करीब 7 कारों और 8 बाइकों में सवार एक युवक समूह जा रहा था। इस दौरान रास्ते में कई युवकों ने अपनी कार और बाइक से फिल्मी अंदाज में स्टंट करने शुरू कर दिए। कुछ युवक कार के दरवाजे खोलकर बाहर झूलते नजर आए तो कुछ बाइक पर हैंड्स-फ्री स्टंट करते दिखाई दिए। सड़क पर तेज रफ्तार से दौड़ती गाड़ियों के बीच यह करतब किसी बड़ी दुर्घटना को न्योता देने जैसा था। स्थानीय लोगों ने जब युवकों की इस हरकत को देखा तो उन्होंने मोबाइल से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। देखते ही देखते यह वीडियो वायरल हो गया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे युवक मैनपाट रोड पर तेज रफ्तार गाड़ियों से जोखिम भरे करतब दिखा रहे हैं।
वहीं, कुछ गाड़ियों में तेज म्यूजिक बज रहा है और युवक हंसते-मुस्कुराते एक-दूसरे को उकसाते भी दिखाई देते हैं। मामले की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन भी हरकत में आ गया है। सरगुजा के एडिशनल एसपी अमोलक सिंह ने बताया कि फिलहाल उन्हें इस वीडियो के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है, लेकिन संबंधित थाना क्षेत्र के अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए जा रहे हैं। यदि जांच में पुष्टि होती है कि वीडियो दरिमा थाना क्षेत्र का ही है, तो स्टंट करने वाले युवकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि मैनपाट क्षेत्र अपने प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन के लिए प्रसिद्ध है, लेकिन हाल के वर्षों में यहां युवाओं द्वारा सड़क पर स्टंट करने और हुल्लड़बाजी करने की घटनाएं लगातार बढ़ी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अक्सर बाहर से आने वाले कुछ युवक बाइक और कार लेकर यहां पहुंचते हैं और सड़क पर रेसिंग व खतरनाक स्टंट करते हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस से ऐसे युवकों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि मैनपाट में पर्यटन के नाम पर यह खतरनाक गतिविधियां बढ़ रही हैं, जो न केवल खुद इन युवकों की जान के लिए खतरा हैं, बल्कि आम राहगीरों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बन चुकी हैं। इससे पहले भी मैनपाट और अंबिकापुर के बीच के रास्ते पर युवाओं के स्टंट करते हुए वीडियो कई बार वायरल हो चुके हैं। हालांकि, इस बार वायरल हुए वीडियो में स्टंट की गंभीरता और गाड़ियों की गति को देखते हुए यह साफ है कि मामूली गलती भी बड़ी दुर्घटना में बदल सकती थी। पुलिस अब वायरल वीडियो की जांच कर रही है और नंबर प्लेट के आधार पर गाड़ियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल यह वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है।
Tagsसरगुजा स्टंट वीडियोअंबिकापुर मैनपाट रोडदरिमा थानातेज रफ्तार कारबाइक स्टंटसोशल मीडिया वायरलसरगुजा पुलिस जांचमैनपाट हादसाएडिशनल एसपी अमोलक सिंहछत्तीसगढ़ समाचारSurguja stunt videoAmbikapur Mainpat RoadDarima police stationhigh speed carbike stuntsocial media viralSurguja police investigationMainpat accidentAdditional SP Amolak SinghChhattisgarh news
Next Story





