दुर्ग। भिलाई में बीती रात कबाड़ बेचने और चोरी करने वाले दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। झगड़ा इतना बढ़ गया कि एक गुट ने हॉकी स्टीक, रॉड और धार दार हथियार से दूसरे गुट पर जानलेवा हमला कर दिया। इसमें दो लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में एक कुछ दिन पहले ही चोरी के केस में जेल जा चुका है। दुर्ग पुलिस ने कुछ घंटों के अंदर ही 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं दो की तलाश जारी है।
सीएसपी छावनी प्रभात कुमार ने बताया कि इंडस्ट्रियल एरिया में चोरी करने व कबाड़ी का काम करने वाले दो चोर गिरोहों के बीच झगड़ा हुआ था। इसमें पहला ग्रुप सूरज चौधरी और मनोज चौधरी का था और दूसरा ग्रुप राहुल और संतोष यादव का था। ये लोग इंडस्ट्रियल एरिया में रात में चोरी करते थे। इसके बाद उसे कबाड़ की आड़ में बेचते थे।
सूरज और राहुल एक दूसरे पर आरोप लगा रहे थे कि वे चोरी करते हैं तो दूसरा ग्रुप उसकी मुखबिरी करता है और उन्हें पकड़वा देता है। इस बात को लेकर तीन दिनों से दोनों गुटों में झगड़ा हो रहा था। बीती देर रात झगड़ा इतना बढ़ गया कि राहुल, संतोष यादव, आमिर खान, भुरू उसका भाई अक्षय ने जानलेवा हमला कर सूरज चौधरी और मनोज चौधरी की हत्या कर दी।