छत्तीसगढ़

11 दिसंबर की शाम साढ़े 7 बजे बिलासपुर पहुंचेगी वंदे भारत एक्सप्रेस

Shantanu Roy
10 Dec 2022 2:29 PM GMT
11 दिसंबर की शाम साढ़े 7 बजे बिलासपुर पहुंचेगी वंदे भारत एक्सप्रेस
x
छग
रायपुर। छत्तीसगढ़ को आखिरकार वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात मिल गई। 11 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नागपुर स्टेशन से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। नागपुर से दोपहर 2.05 बजे यह सेमी-हाई स्पीड ट्रेन, गोंदिया, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर होते हुए शाम 7.35 बजे बिलासपुर पहुंचेगी। बिलासपुर स्टेशन में इस गाड़ी के प्रथम यात्रियों एवं क्रू स्टाफ का भव्य स्वागत रेलवे प्रशासन द्वारा किया जाएगा। वंदे भारत एक्सप्रेस के स्वागत अवसर पर संध्या रेल परिवार के सदस्यों द्वारा विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा जिसमें कथक, कुचिपुड़ी, भरतनाट्यम, बीहू, ग्रुप डांस आदि की प्रस्तुति दी जाएगी। आगंतुकों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था रहेगी। गाड़ी के आने के उपरांत इस गाड़ी के प्रथम यात्रियों एवं क्रू स्टाफ का भव्य स्वागत भी किया जाएगा। इस दौरान यात्रियों से इस गाड़ी के यात्रा अनुभवों का फीडबेक लिया जाएगा।
वंदे भारत एक्स्प्रेस ट्रेन का नियमित परिचालन 12 दिसंबर से किया जाएगा। इसके लिए आरक्षण 10 दिसंबर से प्रारंभ हो जाएगा। रेलवे प्रबंधन ने वंदे भारत ट्रेन की ट्रेन नंबर जारी कर दिया। जिसके अनुसार बिलासपुर से नागपुर तक चलने वाले ट्रेन का नंबर 20825 होगा। वही नागपुर से छूट कर बिलासपुर पहुँचने वाली ट्रेन का नंबर 20826 होगा। ट्रेन सप्ताह में 6 दिन चलेगी। सिर्फ शनिवार को ट्रेन का परिचालन नही होगा। बिलासपुर-नागपुर वंदे भारत एक्सप्रेस का शेड्यूल जारी होने के साथ ही रेलवे ने किराया भी जारी कर दिया है। वंदे भारत एक्सप्रेस में दो तरह का किराया लगेगा। एग्जीक्यूटिव चेयर कार का किराया ज्यादा है, जबकि चेयर कार का किराया कम है। बिलासपुर से नागपुर के लिए एग्जीक्यूटिव चेयर कार का किराया 1540 रुपए तय किया गया है, जबकि चेयर कार का किराया 775 रुपए तय किया गया है। बिलासपुर से रायपुर के बीच एग्जीक्यूटिव चेयर कार का किराया 890 और चेयर कार का किराया 455 रुपए है। यह किराया टैक्स के साथ है।
बिलासपुर से लेकर नागपुर चलने वाली ट्रेन की समय सारणी इस प्रकार होगी
ट्रेन सुबह 6.45 को बिलासपुर से छूटेगी फिर 8.01 मिनट पर रायपुर पहुँचेंगी। यहां दो मिनट स्टॉपेज के बाद 8.03 मिनट को रवाना हो जाएगी। ट्रेन का अगला पड़ाव 8.48 मिनट को दुर्ग होगा। यहां दो मिनट ठहराव के बाद 8.50 मिनट पर ट्रेन आगे रवाना हो जाएगी और अगले 17 मिनट की यात्रा कर राजनांदगांव पहुँचेंगी। 9.07 मिनट पर राजनांदगांव पहुँचने के बाद यहां ट्रेन का स्टॉपेज मात्र एक मिनट होगा। फिर 9.08 मिनट पर ट्रेन यहां से आगे रवाना हो जायेगी। फिर 10.28 को गोंदिया पहुँचेंगी और 2 मिनट स्टॉपेज के बाद 10.30 को वहां से आगे रवाना हो जायेगी। ट्रेन 12.15 मिनट को नागपुर पहुंचेगी।
नागपुर बिलासपुर टाइमिंग
नागपुर से बिलासपुर के बीच चलने वाली ट्रेन 14.05 मिनट पर नागपुर से बिलासपुर के लिए रवाना होगी। फिर 15.36 को गोंदिया पहुँचेंगी और 15.38 को वहां से आगे निकलेगी। 16.44 को ट्रेन राजनांदगांव पहुँचेंगी और 16.45 को एक मिनट के स्टॉपेज के बाद आगे छूटेगी। फिर 17.15 को दुर्ग पहुँच कर 17.17 को वहां से छूटेगी और 17.50 को रायपुर पहुँचेंगी फिर 17.52 को रायपुर से ट्रेन छूट कर 19.35 को बिलासपुर पहुँचेंगी। कुल मिलाकर सुबह 6.45 को बिलासपुर से निकलने वाली ट्रेन नागपुर का फेरा लगाकर उसी दिन देर शाम को 7 बजकर 35 मिनट पर बिलासपुर वापस आ जाएगी।
Next Story