![जिला कांग्रेस में खाली पदों पर जल्द होगी नियुक्तियां जिला कांग्रेस में खाली पदों पर जल्द होगी नियुक्तियां](https://jantaserishta.com/h-upload/2023/03/09/2632734-untitled-69-copy.webp)
रायगढ़। जिले से सारंगढ़ के अलग होने के बाद जिला कांग्रेस कमेटी में दो दर्जन से अधिक पद रिक्त हो गए हैं। संगठन में जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष, उपाध्यक्ष महामंत्री सहित कई पदों पर नियुक्तियां अटकी हुई हैं। ऐसे में संगठन का काम काज जहां प्रभावित हो रहा है तो वहीं नियुक्तियों को लेकर दावेदार संगठन में सक्रिय नजर आ रहे हैं। हालांकि जिला संगठन का दावा है कि जल्द ही रिक्त पदों पर नियुक्तियां होंगी।
दरअसल अगस्त महीने से रायगढ़ से अलग होकर नए जिले सारंगढ में पृथक कामकाज शुरु हो गया है। इसी के साथ कांग्रेस संगठन में कई पद अब रिक्त हो गए हैं। जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष का पद जहां रिक्त पड़ा है तो वहीं आईटी सेल का पद भी खाली है। इसके अलावा उपाध्यक्ष, महामंत्री व अलग अलग प्रकोष्ठों में भी संगठन को नई नियुक्ति करनी है। जिला संगठन पूर्व में नियुक्तियों को लेकर बैठकें कर चुका है। हालांकि इसके बाद भी प्रक्रिया आगे नहीं बढ पाई है। प्रदेश संगठन ने जनवरी तक नियुक्तियां करने के निर्देश दिए थे, लेकिन कई पदों पर एक नाम तय नहीं हो पाने के कारण नियुक्तियों की प्रक्रिया अटकी हुई है। संगठन में सबसे अधिक खींचतान जिलाध्यक्ष ग्रामीण के पद के लिए है।