छत्तीसगढ़
UPSC-PSC अभ्यर्थियों के लिए काम की खबर! रायपुर में ये तीन IAS अधिकारी बताएंगे सफलता के गुर; 1 क्लिक में जानें डिटेल्स
Shubhra Nandy
25 Nov 2026 10:49 AM IST

x
साझा करेंगे कामयाबी के अनुभव
रायपुर : संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) और राज्य लोक सेवा आयोग (PSC) की परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राजधानी रायपुर में विशेष मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करने वाले तीन युवा आईएएस अधिकारी अभ्यर्थियों के साथ अपने अनुभव साझा करेंगे और परीक्षा की तैयारी से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर मार्गदर्शन देंगे। ‘द जर्नी शेयर्ड’ नामक यह संवादात्मक सत्र 30 नवंबर 2026 को शाम 6 बजे सेंट्रल लाइब्रेरी के मल्टीमीडिया रूम में आयोजित होगा। कार्यक्रम का विषय ‘The Journey Shared – Those Who Made It, Guiding Those Who Aspire’ रखा गया है। इसका उद्देश्य सिविल सेवा में सफलता हासिल कर चुके अधिकारियों के अनुभवों के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को व्यावहारिक मार्गदर्शन और प्रेरणा प्रदान करना है।
वर्ष 2025 बैच के तीन IAS अधिकारी करेंगे मार्गदर्शन
विशेष संवाद सत्र में वर्ष 2025 बैच के तीन आईएएस अधिकारी शामिल होंगे। इनमें रायगढ़ के सहायक कलेक्टर आर.के. गोकुल, बस्तर के सहायक कलेक्टर यशवंत नायक और कोरबा के सहायक कलेक्टर इशांत जायसवाल शामिल हैं। तीनों अधिकारी अपनी परीक्षा की तैयारी, अध्ययन के दौरान सामने आई चुनौतियों और सफलता तक पहुंचने के अनुभवों को अभ्यर्थियों के साथ साझा करेंगे। युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान अपनाई जाने वाली रणनीतियों को समझने का अवसर मिलेगा।
प्रीलिम्स से इंटरव्यू तक की तैयारी पर होगी चर्चा
कार्यक्रम में सिविल सेवा परीक्षा के विभिन्न चरणों की तैयारी से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। प्रारंभिक परीक्षा (प्रीलिम्स), मुख्य परीक्षा (मेंस) और साक्षात्कार की तैयारी के साथ प्रभावी अध्ययन योजना एवं समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा अभ्यर्थियों को असफलताओं से उबरने, निरंतर अध्ययन करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने जैसे विषयों पर भी मार्गदर्शन मिलेगा। प्रतियोगी परीक्षाओं की लंबी तैयारी के दौरान अभ्यर्थियों के सामने कई चुनौतियां आती हैं। ऐसे में सफल अधिकारियों के व्यक्तिगत अनुभव युवाओं को अपनी अध्ययन रणनीति बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं।
नालंदा और तक्षशिला परिसर के विद्यार्थी भी आमंत्रित
इस विशेष मार्गदर्शन सत्र में नालंदा परिसर, तक्षशिला परिसर और सेंट्रल लाइब्रेरी में अध्ययनरत विद्यार्थियों के साथ सभी इच्छुक यूपीएससी एवं पीएससी अभ्यर्थियों को आमंत्रित किया गया है। संवादात्मक कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी से जुड़े विषयों को सफल अधिकारियों के अनुभवों के आधार पर समझने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति प्रेरित करने के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सही दिशा और व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम की पूरी जानकारी
The Journey Shared 2026
UPSC एवं PSC विशेष मार्गदर्शन सत्र
दिनांक30 नवंबर 2026, सोमवार
समयशाम 6 बजे
स्थानसेंट्रल लाइब्रेरी, मल्टीमीडिया रूम, रायपुर
मार्गदर्शन 2025 बैच के तीन IAS अधिकारी
संपर्क नंबर+91 79996 20386
Next Story





