विवाहिता को अपशकुनी होने का मारते थे ताना, आत्महत्या के बाद ससुराल वालों पर केस दर्ज
बिलासपुर। कोनी क्षेत्र के पौंसरा में ससुराल वालों की प्रताड़ना से विवाहिता ने कीटनाशक खाकर आत्महत्या कर ली। इसकी सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। साथ ही मायके वालों का बयान दर्ज किया। इसमें पता चला कि विवाहिता के ससुराल वाले उसे बदसूरत और अपशकुनी होने का ताना देते थे। बयान के आधार पर पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।
सीपत में रहने वाली तरूण सूर्यवंशी का विवाह कोनी क्षेत्र के पौंसरा में रहने वाले समीर बनर्जी से हुआ था। शादी के बाद से ही उसका पति समीर बदसूरत होने की बात कहते हुए परेशान करता था। वहीं, उसकी सास पुष्पा और ससुर श्यामनाथ बनर्जी अपशकुनी होने की बात कहते थे। इससे तस्र्णा परेशान रहती थी। उसने इसकी जानकारी अपने मायके वालों को भी दी थी।
इस पर मायके वालों ने उन्हें समझाइश दी। इसके बाद भी उनकी आदतों में सुधार नहीं हुआ। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर तस्र्णा ने 30 मई 2022 को अपने घर में कीटनाशक का सेवन कर लिया। इससे उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। ससुराल वालों ने उसे सिम्स में भर्ती कराया। साथ ही घटना की जानकारी उसके मायके वालों को दी। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर कोनी पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। वहीं, तस्र्णा के बड़े भाई सतीश, मां निर्मला, पिता शिवनारायण, चाची ममता भवानी, बुआ पुन्न्ी बाई का बयान दर्ज किया। इसमें उन्होंने ससुराल वालों द्वारा प्रताड़ित करने की बात कही। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि ससुराल वालों ने घर में साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया है। इस पर पुलिस ने पति समीर, सास पुष्पा और ससुर श्यामनाथ के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और साक्ष्य मिटाने का जुर्म दर्ज कर लिया है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।