
x
छग
Raipur रायपुर। रायपुर नगर निगम मुख्यालय में बुधवार को सेंट्रल सफाई सिस्टम के प्रेजेंटेशन के दौरान जमकर हंगामा हुआ। शहर की नई सफाई व्यवस्था को लेकर आयोजित बैठक में महापौर मीनल चौबे अधिकारियों पर भड़क गईं। उन्होंने अधिकारियों से सवाल किया कि जब पार्षदों और जनप्रतिनिधियों से सुझाव लिए जा रहे हैं, तो क्या उन्हें टेंडर में शामिल किया जाएगा? बैठक में भाजपा और कांग्रेस के पार्षदों के अलावा नेता प्रतिपक्ष और नगर निगम कमिश्नर भी मौजूद थे।
सुझावों को लागू करने पर महापौर ने उठाए सवाल
प्रेजेंटेशन के दौरान महापौर मीनल चौबे ने अधिकारियों से पूछा कि जनप्रतिनिधियों के सुझावों पर अमल कैसे होगा? उन्होंने कहा कि केवल सुझाव मांगने से सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं आएगा। सुझावों को टेंडर में शामिल करने और उनके क्रियान्वयन की जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए। इसी मुद्दे को लेकर बैठक में तीखी बहस शुरू हो गई।
भाजपा-कांग्रेस पार्षदों ने किया विरोध
बैठक में भाजपा पार्षद दल ने अधिकारियों के कामकाज पर सवाल उठाए। पार्षदों ने वार्डों में नियमित कचरा कलेक्शन नहीं होने और सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं दिखने का मुद्दा उठाया। हंगामे के बीच भाजपा और कांग्रेस के सभी पार्षद सभा कक्ष से उठकर बाहर चले गए।
नेता प्रतिपक्ष बोले- लड़ाई में पिस रही जनता
नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने महापौर और अधिकारियों पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों पर शहर की सफाई व्यवस्था सुधारने की जिम्मेदारी है, वे एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल किया कि यदि सेंट्रल सफाई सिस्टम के प्रेजेंटेशन पर महापौर की सहमति थी तो विवाद क्यों हुआ? यदि सहमति नहीं थी तो बैठक क्यों बुलाई गई? उन्होंने पूछा कि आखिर नगर निगम को महापौर चला रही हैं या अधिकारी?
रोज निकलता है 600 से 700 टन कचरा
आकाश तिवारी के मुताबिक, रायपुर नगर निगम के करीब 70 वार्डों से प्रतिदिन 600 से 700 टन कचरा निकलता है। घर-घर कचरा कलेक्शन की जिम्मेदारी रामकी कंपनी के पास है। इसके बावजूद कई वार्डों में तीन से चार दिनों तक कचरा गाड़ियां नहीं पहुंचने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दिवाली के बाद से कई इलाकों में कचरे के ढेर लगे हुए हैं। इससे बदबू और मच्छरों की समस्या बढ़ रही है। तिवारी ने पहले पार्षदों से मांगे गए विकास कार्यों के प्रस्तावों पर हुई कार्रवाई का हिसाब भी मांगा।
Next Story





