छत्तीसगढ़

अवैध शराब बिक्री पर बवाल, जनप्रतिनिधियों की चेतावनी से बढ़ा विवाद

SHIDDHANT
11 May 2026 11:08 PM IST
अवैध शराब बिक्री पर बवाल, जनप्रतिनिधियों की चेतावनी से बढ़ा विवाद
x
छत्तीसगढ़
Mungeli मुंगेली: छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के जरहागांव नगर पंचायत क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री का मामला अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। लंबे समय से चल रहे इस कारोबार के खिलाफ अब स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने खुलकर विरोध शुरू कर दिया है। नगर पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और पार्षदों ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर अवैध शराब बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि क्षेत्र और आसपास के गांवों में कई महीनों से खुलेआम अवैध शराब की बिक्री हो रही है, लेकिन शिकायतों के बावजूद पुलिस और प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि इससे सामाजिक माहौल बिगड़ रहा है और खासकर महिलाएं, युवा और आम नागरिक परेशान हैं।
इस मामले में जनप्रतिनिधियों ने कड़ा रुख अपनाते हुए चेतावनी दी यदि प्रशासन कार्रवाई नहीं करता है तो स्थिति ऐसी बन सकती है कि “फिर सभी को शराब बेचने की अनुमति दे दी जाए।” इस बयान के बाद क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक माहौल और अधिक गरमा गया है।
स्थानीय प्रतिनिधियों ने यह भी कहा कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्रवासी आंदोलन और विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी संभावित स्थिति की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। वहीं पुलिस प्रशासन ने मामले पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है और कहा है कि अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ जांच कर सख्त कदम उठाए जाएंगे। पुलिस ने यह भी अपील की है कि किसी भी अवैध गतिविधि को संरक्षण न दिया जाए। फिलहाल, यह मामला क्षेत्र में चर्चा का बड़ा विषय बना हुआ है और लोगों की नजर अब प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।
Next Story