छत्तीसगढ़

बोरवेल मिस्त्री की लाश को सड़क में रखकर हंगामा, मौत सामान्य नहीं हत्या!

Nilmani Pal
31 May 2026 5:14 PM IST
बोरवेल मिस्त्री की लाश को सड़क में रखकर हंगामा, मौत सामान्य नहीं हत्या!
x
छग

पेंड्रा। पेंड्रा में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने मृतक का शव दुर्गा चौक पर रखकर चक्काजाम कर दिया और पुलिस से मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज करने की मांग की। हालांकि बाद में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद परिजनों ने प्रदर्शन और चक्काजाम समाप्त कर दिया।

मृतक की पहचान सुरेंद्र कश्यप के रूप में हुई है, जो पेशे से बोरवेल मिस्त्री था। उसकी लाश पेंड्रा के समीप घसियापारा क्षेत्र में संदिग्ध हालत में मिली थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई।परिजनों का आरोप है कि सुरेंद्र की मौत सामान्य नहीं है, बल्कि उसकी सुनियोजित तरीके से हत्या की गई है। इसी मांग को लेकर परिजन और स्थानीय लोग शव को लेकर पेंड्रा के व्यस्त दुर्गा चौक पहुंच गए और सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। चक्काजाम के कारण चारों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पेंड्रा थाना पुलिस बल तैनात किया गया। प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। काफी देर तक चली समझाइश के बाद परिजनों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया और शव का अंतिम संस्कार करने पर सहमति जताई।

Next Story