छत्तीसगढ़

मौदहापारा में चाकूबाजी के बाद हंगामा, पुलिस केस करने पर हत्या की धमकी

Nil dhankar
30 Jun 2025 7:00 AM IST
मौदहापारा में चाकूबाजी के बाद हंगामा, पुलिस केस करने पर हत्या की धमकी
x

रायपुर। मौदहापारा इलाके में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात को हुई चाकूबाजी की घटना ने तनावपूर्ण माहौल बना दिया। इस मामले में हिरासत में लिए गए आरोपियों के परिजनों ने इलाके में पहुंचकर न सिर्फ हंगामा किया, बल्कि चाकू-तलवार लहराते हुए मोहल्लेवासियों को धमकाया।

स्थानीय पार्षद के नेतृत्व में आक्रोशित नागरिक मौदहापारा थाने पहुंचे और थाने का घेराव किया। मोहल्लेवासियों ने बताया कि चाकूबाजी के आरोपियों अंकुश रात्रे और अभय रक्सेल के परिजन अपने साथियों के साथ हथियारों से लैस होकर रात में मोहल्ले में आए और पुलिस में रिपोर्ट करने पर हत्या की धमकी देकर फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस से इन हमलावरों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज करने और कठोर कार्रवाई की मांग की। घेराव के दौरान मौदहापारा थाने में अतिरिक्त पुलिस बल और कई थानों के थाना प्रभारी तैनात किए गए।

देर रात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आरोपी परिजनों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर मोहल्लेवासी शांत हुए और घेराव समाप्त हुआ। हालांकि इस पूरी घटना ने एक बार फिर राजधानी में अपराधियों के बढ़ते हौसलों की पोल खोल दी है। फिलहाल मौदहापारा की स्थिति सामान्य है, लेकिन सभी आरोपी अभी भी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं, जिनकी तलाश में टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।


Next Story
null