छत्तीसगढ़
SP की कुर्सी पर बैठते ही छात्रा ने उठाई स्कूल की पानी की समस्या, अफसरों को दिए निर्देश
jantaserishta.com
27 Nov 2026 4:46 PM IST

x
छत्तीसगढ़.
कोंडागांव: शासकीय हाई स्कूल जैतपुरी, फरसगांव के छात्र-छात्राओं को आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय कोंडागांव का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान जिला पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने विद्यार्थियों को पुलिस विभाग की विभिन्न शाखाओं का अवलोकन कराया और पुलिस की कार्यप्रणाली, विभिन्न गतिविधियों और कानून व्यवस्था बनाए रखने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर छात्राओं को प्रोत्साहित करने और उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से विद्यालय की छात्रा प्रिया नेताम को एक दिन के लिए पुलिस अधीक्षक (एसपी) बनाया गया। एसपी की जिम्मेदारी संभालते ही प्रिया नेताम ने अपने विद्यालय में पेयजल की समस्या को प्रमुखता से उठाया और समस्या के निराकरण के लिए स्कूल में वाटर फिल्टर लगाए जाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
शैक्षणिक भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने छात्र-छात्राओं को पुलिस विभाग में उपयोग की जाने वाली आधुनिक तकनीकों के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को आईरिस स्कैनर, क्राइम मैक एप्लीकेशन एवं फिंगरप्रिंट तकनीक की कार्यप्रणाली और अपराधों की जांच में इनके महत्व के बारे में विस्तार से समझाया।
विद्यार्थियों को बताया गया कि किस प्रकार आधुनिक तकनीक का उपयोग अपराधियों की पहचान करने, अपराधों के अनुसंधान और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने में किया जाता है। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने तकनीकी उपकरणों और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर उत्सुकता दिखाई और महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
एक दिन की एसपी बनीं प्रिया नेताम की इस पहल से छात्राओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहन मिला। यह पहल विद्यार्थियों को पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली समझने के साथ-साथ अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आगे आने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने की प्रेरणा देने वाली रही।
इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यालय के प्राचार्य राजेश पांडेय सहित शिक्षकगण लीना तिवारी, पूनम नाग, गौरव राय, टेमन साहू एवं तौफीक आलम उपस्थित रहे।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





