छत्तीसगढ़

अनोखा चोर गिरफ्तार: भगवान से नाराज़ होकर मंदिरों की दान पेटियां बना डालीं निशाना

Shantanu Roy
29 Aug 2025 12:10 AM IST
अनोखा चोर गिरफ्तार: भगवान से नाराज़ होकर मंदिरों की दान पेटियां बना डालीं निशाना
x
छग
Durg. दुर्ग। चोरी की घटनाएं आए दिन पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज होती रहती हैं, लेकिन छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से सामने आया एक मामला पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां का एक चोर मंदिरों की दान पेटियों को निशाना बनाता था। इसकी वजह उसके भीतर भगवान के प्रति नाराजगी थी। दरअसल, यह युवक गंभीर बीमारी से जूझ रहा था। लंबे इलाज के बाद भी उसे कोई राहत नहीं मिली। धीरे-धीरे उसने भगवान पर से विश्वास खो दिया और उसी नाराजगी के चलते मंदिरों से चोरी करने लगा। पुलिस ने अब इस अनोखे चोर को गिरफ्तार कर लिया है।
बीमारी ने बदल दी सोच, भगवान से उठा भरोसा
पुलिस के मुताबिक, आरोपी का नाम यशवंत उपाध्याय है और वह दुर्ग जिले का रहने वाला है। कई वर्षों से गंभीर बीमारी से जूझ रहे यशवंत ने इलाज पर काफी पैसा खर्च किया, लेकिन बीमारी से छुटकारा नहीं मिला। इससे वह मानसिक रूप से टूट गया। उसकी नाराजगी भगवान से हो गई। उसने सोचा कि जब भगवान उसकी मदद नहीं कर रहे, तो उनके मंदिरों में जमा चढ़ावे को लूटना ही सही होगा। इसी सोच ने उसे लगातार अपराध की राह पर धकेल दिया।
इस तरह देता था वारदात को अंजाम
यशवंत चोरी करने से पहले मंदिरों की रेकी करता था। रेकी पूरी होने के अगले दिन वह अपनी जूपीटर गाड़ी से मंदिर के पास पहुंचता और कुछ दूरी पर गाड़ी खड़ी कर देता। फिर कपड़े बदलकर पैदल मंदिर की ओर बढ़ता। वहां ताला तोड़कर दान पेटी को निशाना बनाता और नकदी निकाल लेता। वारदात पूरी करने के बाद वह फिर अपनी गाड़ी के पास लौटता, दोबारा कपड़े बदलता और किसी और गली या मोहल्ले से भाग निकलता। उसकी यही चालाकी उसे लंबे समय तक पकड़ से बचाए रही। सीसीटीवी फुटेज में भी बार-बार कपड़े बदलने की वजह से उसकी पहचान करना मुश्किल हो गया था।
कैमरों से बचने का अनोखा तरीका
पुलिस जांच में सामने आया है कि चोरी के बाद आरोपी कभी भी मुख्य मार्ग से नहीं भागता था। वह हमेशा गली-मोहल्लों के रास्तों का इस्तेमाल करता था ताकि किसी भी हाई-रेजोल्यूशन कैमरे में उसकी तस्वीर कैद न हो पाए। हालांकि, आखिरकार शहरवासियों द्वारा अपने घरों और दुकानों में लगाए गए अच्छी क्वालिटी के कैमरे पुलिस के लिए मददगार साबित हुए। इन्हीं फुटेज के आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान की और गिरफ्तारी की।
10 मंदिरों में की चोरी, कई थानों में दर्ज हैं मामले
अब तक की पूछताछ में आरोपी ने 10 मंदिरों में चोरी करने की बात स्वीकार की है। इनमें से अलग-अलग थानों में अपराध दर्ज हैं।
थाना नेवई – 2 मामले
थाना सुपेला – 3 मामले
थाना पद्मनाभपुर – 1 मामला
थाना भिलाई भट्ठी – 2 मामले
थाना भिलाई नगर – 1 मामला
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने करीब 10 मंदिरों से दान पेटियां तोड़ीं और नकदी चोरी की।
पहले भी जा चुका है जेल
पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि यशवंत उपाध्याय वर्ष 2011-12 में मारपीट के एक मामले में जेल जा चुका है। जेल में उसकी मुलाकात कई ऐसे कैदियों से हुई थी जो चोरी-डकैती के मामलों में निरुद्ध थे। वहीं से उसके मन में अपराध की प्रवृत्ति ने गहरी जगह बना ली। जेल से छूटने के बाद उसने चोरी की घटनाओं को अपना पेशा बना लिया और खासतौर पर मंदिरों को निशाना बनाना शुरू किया।
आरोपी गिरफ्तार, भेजा जाएगा जेल
फिलहाल पुलिस ने आरोपी यशवंत उपाध्याय को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है ताकि अन्य मामलों और संभावित सहयोगियों के बारे में जानकारी मिल सके। पुलिस का कहना है कि उसे जल्द ही न्यायिक हिरासत में भेज दिया जाएगा।
Next Story