
x
छग
दिल्ली: केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री और बिलासपुर सांसद तोखन साहू 2 से 6 नवंबर 2026 तक पांच दिवसीय आधिकारिक स्पेन दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे बार्सिलोना और मैड्रिड में आयोजित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। दौरे का मुख्य उद्देश्य भारत के आवास एवं शहरी विकास मॉडल को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करना, आधुनिक शहरी नियोजन की तकनीकों का अध्ययन करना और भारत-स्पेन के बीच सहयोग की नई संभावनाओं को आगे बढ़ाना है।
केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू 3 नवंबर को बार्सिलोना में आयोजित स्मार्ट सिटी एक्सपो वर्ल्ड कांग्रेस 2026 में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वे इंडिया पवेलियन का उद्घाटन करेंगे। उनके नेतृत्व में भारत के विभिन्न राज्यों के 20 वरिष्ठ अधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल भी सम्मेलन में भाग लेगा। इस प्रतिनिधिमंडल में छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सोनमणि बोरा भी शामिल हैं।
सम्मेलन में तोखन साहू 'हाउसिंग फॉर ऑल: बिल्डिंग इन्क्लूसिव एंड सस्टेनेबल फ्यूचर्स' विषय पर आयोजित सत्र को संबोधित करेंगे। वे प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से देश में किफायती आवास उपलब्ध कराने, बड़े पैमाने पर आवास निर्माण, वित्तीय नवाचार और जनभागीदारी से जुड़े भारत के अनुभव साझा करेंगे। इसके अलावा वे सार्वजनिक स्थानों के पुनर्विकास और शहरी प्रशासन से संबंधित एक अन्य महत्वपूर्ण सत्र में भी शामिल होंगे। इस दौरान आधुनिक शहरों के विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और टिकाऊ शहरीकरण से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी।
बार्सिलोना प्रवास के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री कैटेलोनिया की आवास एवं पारिस्थितिक संक्रमण मंत्री सिल्विया पानेके सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। इन बैठकों में आवास नीति, शहरी नियोजन, सार्वजनिक आवास, भूमि विकास और परिवहन व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
तोखन साहू बार्सिलोना के प्रसिद्ध 22@ इनोवेशन डिस्ट्रिक्ट का भी अध्ययन करेंगे। यह क्षेत्र आधुनिक शहरी पुनर्विकास और नवाचार आधारित विकास के लिए जाना जाता है। इसके बाद 4 से 6 नवंबर तक वे स्पेन की राजधानी मैड्रिड में विभिन्न शहरी विकास परियोजनाओं का अवलोकन करेंगे। इनमें मैड्रिड रियो परियोजना, मैड्रिड न्यूवो नॉर्टे और प्लाजा डी एस्पान्या के मोबिलिटी हब जैसी प्रमुख परियोजनाएं शामिल हैं।
मैड्रिड में स्पेन के आवास एवं शहरी एजेंडा मंत्रालय तथा निर्माण और शहरी अधोसंरचना से जुड़ी संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें भी प्रस्तावित हैं। इनमें निवेश, तकनीकी सहयोग, टिकाऊ निर्माण और सार्वजनिक परिवहन के विकास पर चर्चा होगी।
उल्लेखनीय है कि भारत और स्पेन के बीच वर्ष 1956 से राजनयिक संबंध हैं। वर्ष 2026 दोनों देशों के राजनयिक संबंधों की 70वीं वर्षगांठ का अवसर है। ऐसे में केंद्रीय राज्यमंत्री का यह दौरा द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भारत प्रधानमंत्री आवास योजना और शहरी विकास की अपनी पहलों के अनुभव साझा करेगा, जबकि स्पेन के आधुनिक नगर नियोजन, सार्वजनिक परिवहन, हरित क्षेत्रों और स्मार्ट मोबिलिटी मॉडल से सीखने का अवसर मिलेगा।
इस दौरे से दोनों देशों के बीच तकनीकी आदान-प्रदान, निवेश और शहरी अधोसंरचना के क्षेत्र में साझेदारी की नई संभावनाएं विकसित होने की उम्मीद है। साथ ही यह यात्रा विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करने का अवसर भी प्रदान करेगी।
Next Story





