छत्तीसगढ़
केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने नक्शा परियोजना का किया वर्चुअल शुभारंभ
Shantanu Roy
18 Feb 2025 7:06 PM IST

x
छग
Dhamtari. धमतरी। केन्द्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह ने आज मध्यप्रदेश के रायसेन से नक्शा परियोजना का शुभारंभ किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि नक्शा परियोजना से शहरी क्षेत्रों में सम्पत्तियों और भूमि का ड्रोन से सर्वे कर सटिक रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। इससे शहरों के पूरे रिकॉर्ड ऑनलाईन उपलब्ध होंगे। शहरों में भूमि प्रबंधन सुधरेगा और सम्पत्तियों के स्वामित्व से जुड़ी समस्याओं का त्वरित निराकरण भी हो सकेगा। इस अवसर पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव, ग्रामीण विकास राज्य मंत्री डॉ.चन्द्रशेखर पेमासानी भी मौजूद रहे। धमतरी के पुरानी मंडी में आयोजित इस वर्चुअल कार्यक्रम में स्थानीय स्तर पर नवनिर्वाचित महापौर रामू रोहरा, कलेक्टर नम्रता गांधी सहित नवनिर्वाचित पार्षद और नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी भी शामिल हुए।
नक्शा परियोजना में धमतरी सहित राज्य के तीन शहर शामिल
भारत सरकार की यह महत्वपूर्ण परियोजना देश के 26 राज्यों और तीन केन्द्र शासित प्रदेशों के 141 जिले के 152 शहरों में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू की गई है। छत्तीसगढ़ राज्य से इस परियोजना के लिए धमतरी, जगदलपुर और अम्बिकापुर नगरीय निकायों का चयन किया गया है। धमतरी नगरनिगम क्षेत्र सहित लगभग साढ़े 23 वर्गकिलोमीटर क्षेत्र का ड्रोन सर्वे किया जाएगा। धमतरी शहरी क्षेत्र में शामिल गोकुलपुर, सोरिदभाट, बठेना और हटकेश्वर में भी हवाई सर्वे किया जाएगा।
ऐसे होगा सर्वे का काम
धमतरी नगरनिगम क्षेत्र का सबसे पहले चरण में ड्रोन से हवाई सर्वे कर ड्रोन से फोटो और वीडियो डेटा के रूप में संग्रहित किए जाएंगे। ड्रोन में लगे 2 डी नादिर कैमरा और ऑब्लिक एंगल कैमरा से विभिन्न कोणों से भवनों और अन्य संरचनाओं की फोटोग्राफी की जाएगी। निडार सेंसर कैमरे से पहाड़ी और अन्य दुर्गम क्षेत्रों की उन्नत 3 डी तकनीक वाली सटिक फोटोग्राफी होगी। दूसरे चरण में हवाई सर्वे के आंकड़ों का राजस्व एवं नगर निगम के अमले द्वारा जमीन पर भौतिक सत्यापन किया जाएगा। तीसरे चरण में लोगों से दावा- आपत्तियां आमंत्रित कर उनके निराकरण के बाद सभी को उनकी सम्पत्तियों का अर्बन प्रॉपर्टी कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा। इस प्रकार संग्रहित सम्पूर्ण डेटा और सम्पत्तियां नक्शा पोर्टल पर भी ऑनलाईन उपलब्ध रहेंगी, जिन्हें आमजन अपने उपयोग के अनुसार समय-समय पर पोर्टल से ऑनलाईन प्राप्त कर सकेंगे।
शहरों के विकास में मिलेगा सहायता, स्वामित्व विवाद भी जल्द ही निपटेंगे
नक्शा परियोजना के तहत धमतरी नगरीय क्षेत्र में भूमि के रिकॉर्ड ऑनलाईन हो जाने से भविष्य में शहर के विकास के लिए योजनाएं बनाने में सहायता मिलेगी। इसके साथ ही पुराने और अधूरे रिकॉर्डों में सुधार होकर सरकारी दस्तावेजों और वास्तविक स्वामित्व में भी सुधार होगा। अतिक्रमण एवं वास्तविक भू-स्वामियों के बीच विवाद होने पर पूरी तरह सही और पारदर्शी अभिलेख ऑनलाईन पोर्टल पर सभी की पहुंच में रहेंगे। इससे स्वामित्व विवादों को निपटाने में तेजी आएगी। इसके साथ ही शहर की भूमि और सम्पत्तियों का सटिक रिकॉर्ड होने से आपदा प्रबंधन, शहरी भू प्रबंधन और कई प्रकार के कर निर्धारणों में भी आसानी होगी।
जनप्रतिनिधि व अधिकारियों के समक्ष ड्रोन प्रदर्शन कर ली गई डिजीटल तस्वीर
नक्शा परियोजना के तहत आज स्थानीय पुरानी कृषि उपज मंडी परिसर में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के समक्ष ड्रोन प्रदर्शन कर शहर के ऊपर 10 मिनट तक उड़ाया गया और उसकी 3 डी तस्वीर को नवनिर्वाचित महापौर रामू रोहरा, जनप्रतिनिधि, कलेक्टर गांधी और अधिकारियों ने लैपटॉप पर अवलोकन किया। इस अवसर पर महापौर रोहरा ने कहा कि हमारे लिए यह गर्व का विषय है कि नक्शा परियोजना के तहत पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर धमतरी जिले को शामिल किया गया है। उन्होंने डिजीटल तकनीक के जरिए शहर का नक्शा तैयार करने संबंधी जानकारी ली। श्री रोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशानुरूप देश में डिजीटल क्रांति की शुरूआत हो गई है। अब हमारे पास हमारी सम्पत्ति का डिजीटल रिकॉर्ड रहेगा। जहां एक ओर भूमि विवादों में कमी आएगी, वहीं अनावश्यक लगने वाली मेहनत व धन की भी बचत होगी। इस मौके पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, मीडिया प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित थे।
देहरादून में 7 दिन का प्रशिक्षण लेंगे नोडल अधिकारी
नक्शा परियोजना के सर्वे और अन्य कामों के लिए धमतरी जिले में 12 दल बनाए गए है, जिसका नोडल राजस्व विभाग और नगरनिगम को बनाया गया है। साथ ही इसके सुचारू क्रियान्वयन के लिए अधीक्षक, भू अभिलेख शाखा दीपचंद भारती को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। नोडल अधिकारी भारती देहरादून में 7 दिन का प्रशिक्षण लेकर इसकी विस्तृत जानकारी प्राप्त करेंगे और धमतरी जिले में इसका क्रियान्वयन करेंगे।
Tagsछत्तीसगढ़ न्यूज हिंदीछत्तीसगढ़ न्यूजछत्तीसगढ़ की खबरछत्तीसगढ़ लेटेस्ट न्यूजछत्तीसगढ़ न्यूज अपडेटछत्तीसगढ़ हिंदी न्यूज टुडेChhattisgarh news in hindiChhattisgarh newsChhattisgarh latest newsChhattisgarh news updateChhattisgarh Hindi news todayजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारहिंन्दी समाचारजनताJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperjantasamachar newssamacharHindi news
Next Story





