छत्तीसगढ़
स्पेन में स्पेनिश भाषा में बोले केंद्रीय राजयमंत्री तोखन साहू
Shantanu Roy
6 Nov 2026 4:15 PM IST

x
छग
Madrid/Raipur. मैड्रिड/रायपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से सांसद और केंद्र सरकार में आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू इन दिनों स्पेन के आधिकारिक दौरे पर हैं। अपनी इस विदेश यात्रा के दौरान उन्होंने अपने एक अनूठे अंदाज और बेहतरीन संवाद कौशल से अंतरराष्ट्रीय मंच पर हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। स्पेन की राजधानी मैड्रिड में आयोजित एक उच्च स्तरीय कार्यक्रम के दौरान जब केंद्रीय राज्यमंत्री ने स्थानीय भाषा यानी स्पेनिश में अपना संबोधन शुरू किया, तो वहां मौजूद स्पेनिश प्रतिनिधि, उद्योगपति और राजनयिक पूरी तरह चकित रह गए। विदेशी जमीन पर अपनी मातृभाषा या अंग्रेजी के बजाय स्थानीय स्पेनिश भाषा का उपयोग कर उन्होंने न केवल वहां मौजूद लोगों का दिल जीता, बल्कि दोनों देशों के बीच कूटनीतिक और सांस्कृतिक संबंधों को भी एक नई आत्मीयता दी।
मैड्रिड में स्पेन-इंडिया काउंसिल फाउंडेशन के साथ संवाद कर स्पेनिश उद्योग जगत को भारत के ₹4 लाख करोड़ के शहरी निवेश अवसरों में सहभागी बनने का आमंत्रण दिया। जल प्रबंधन, स्वच्छता और स्मार्ट मोबिलिटी में भारत-स्पेन साझेदारी को नई ऊंचाई देने पर जोर दिया। #IndiaSpain #DualYear2026 #UrbanDevelopment #Madrid #ViksitBharat @MoHUA_India @BJP4India @BJP4CGState
— Tokhan Sahu (@tokhansahu_bjp) November 5, 2026
कार्यक्रम में मौजूद स्थानीय लोगों ने उनके इस प्रयास की खूब सराहना की और पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। केंद्रीय मंत्री का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और विशेषकर छत्तीसगढ़ में उनके गृह क्षेत्र के लोग इसे लेकर गर्व महसूस कर रहे हैं। गौरतलब है कि केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू 2 से 6 नवंबर तक स्पेन के दौरे पर रहे, जहां उन्होंने बार्सिलोना में आयोजित 'स्मार्ट सिटी एक्सपो वर्ल्ड कांग्रेस' में भारत का प्रतिनिधित्व किया और मैड्रिड में कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का अवलोकन किया। मैड्रिड में स्पेन-इंडिया काउंसिल फाउंडेशन के साथ हुए संवाद में उन्होंने भारत के शहरी बुनियादी ढांचे में ₹4 लाख करोड़ के निवेश के अवसरों को प्रस्तुत किया था। इस सफल व्यावसायिक दौरे के बीच, उनका यह स्पेनिश भाषण कूटनीति के लिहाज से एक मास्टरस्ट्रोक साबित हुआ है। जानकारों का कहना है कि जब कोई विदेशी राजनेता किसी देश की स्थानीय भाषा में संवाद स्थापित करता है, तो उससे द्विपक्षीय संबंधों में औपचारिकताएं टूटती हैं और आपसी भरोसा मजबूत होता है। तोखन साहू के इस कदम ने न केवल भारत की वैश्विक छवि को मजबूत किया है, बल्कि यह भी दिखाया है कि भारतीय नेतृत्व वैश्विक मंचों पर हर संस्कृति और भाषा का सम्मान करते हुए संवाद करने में सक्षम है।
Tagsतोखन साहू स्पेन भाषणTokhan Sahu Spanish Speechकेंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहूमैड्रिड स्पेनछत्तीसगढ़ समाचारवायरल वीडियोभारत-स्पेन संबंधस्मार्ट सिटी एक्सपोबिलासपुर सांसदतोखन साहू ट्विटरTokhan Sahu's speech in SpainUnion Minister of State Tokhan SahuMadrid (Spain)Chhattisgarh newsviral videoIndia-Spain relationsSmart City ExpoBilaspur MPTokhan Sahu on Twitter
Next Story





