छत्तीसगढ़

सीकर में ‘मन की बात’ कार्यक्रम में शामिल हुए केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू

Shantanu Roy
27 July 2025 7:25 PM IST
सीकर में ‘मन की बात’ कार्यक्रम में शामिल हुए केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू
x
छग
Raipur/Sikar. रायपुर/सीकर। केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने आज राजस्थान के सीकर जिले में भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में आयोजित ‘मन की बात’ कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं और नागरिकों के साथ मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 124वें संस्करण को सुना। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विचारों ने विज्ञान, अंतरिक्ष, नवाचार, खेल और सांस्कृतिक विरासत के माध्यम से सेवा, सुशासन और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को एक नई मजबूती प्रदान की है।
कार्यक्रम के पश्चात तोखन साहू ने मीडिया से चर्चा में कहा कि ‘‘आज का मन की बात केवल संवाद नहीं था, बल्कि यह प्रेरणा का स्रोत बना, जिसमें देश के युवाओं, खिलाड़ियों, वैज्ञानिकों और सांस्कृतिक धरोहर से जुड़े लोगों के लिए विशेष संदेश था।’’ उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने चंद्रयान-3 की सफलता, खेलों में भारत की उपलब्धियों, लोकल से ग्लोबल ब्रांड बनने की यात्रा और भारतीय संस्कृति के पुनर्जीवन जैसे विषयों को प्रभावशाली ढंग से रखा।


केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि मन की बात के माध्यम से प्रधानमंत्री देश के कोने-कोने में हो रहे सकारात्मक प्रयासों को मंच देते हैं और सामान्य नागरिकों को भी राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया का भागीदार बनाते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इस प्रेरणा को आत्मसात करें और भारत को आत्मनिर्भर, नवाचार-प्रधान और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध राष्ट्र बनाने में सहभागी बनें। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों की बड़ी उपस्थिति देखने को मिली। सभी ने प्रधानमंत्री के उद्बोधन को ध्यानपूर्वक सुना और उसके बाद उस पर चर्चा भी की।
मौके पर स्थानीय नेतृत्व ने ‘मन की बात’ के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया कि कैसे यह कार्यक्रम अब एक जन संवाद का माध्यम बन चुका है, जो जनता और सरकार के बीच सेतु की भूमिका निभा रहा है। कार्यक्रम के अंत में तोखन साहू ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया और कहा कि ‘मन की बात’ न केवल प्रेरणादायी विचारों का मंच है, बल्कि यह राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध और समाज के प्रति सेवा की भावना को भी प्रबल करता है। उन्होंने कहा कि हर नागरिक को इस पहल से जुड़कर राष्ट्र निर्माण की दिशा में कार्य करना चाहिए। संपर्क और संवाद की इस अनोखी पहल ने आज सीकर में भी प्रेरणा और उत्साह की ऊर्जा भर दी।
Next Story