छत्तीसगढ़
अज्ञात ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, दो युवकों की मौत, एक घायल
Shantanu Roy
6 Sept 2026 6:38 PM IST

x
छग
Mungeli. मुंगेली। जिले में बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे 130 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। सरगांव थाना क्षेत्र के नारायणपुर के पास अज्ञात ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सरगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, तीनों युवक बैतलपुर से अपने एक रिश्तेदार के दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे 130 पर नारायणपुर के पास तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
दो युवकों की मौके पर मौत
हादसे में मृतकों की पहचान बेमेतरा जिले के ग्राम भिलौनी निवासी 20 वर्षीय चोलाराम साहू और मुंगेली जिले के ग्राम पीपरलोड निवासी 19 वर्षीय सागर यादव के रूप में हुई है। वहीं, बाइक पर सवार तीसरा युवक 26 वर्षीय सूरज यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल सरगांव के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही सरगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे से जुड़े साक्ष्य जुटाए। एसडीओपी हरविंदर सिंह ने बताया कि नेशनल हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से दो युवकों की मौत हुई है, जबकि एक युवक घायल है। घायल का इलाज सरकारी अस्पताल में चल रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है। आसपास के CCTV कैमरों और अन्य माध्यमों से वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
परिवारों में पसरा मातम
हादसे की खबर मिलने के बाद मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है। दशगात्र कार्यक्रम से लौटते समय हुए इस हादसे ने दो परिवारों को गहरा दुख दे दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। लोगों ने सड़क सुरक्षा को लेकर प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस अज्ञात ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है। जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों और वाहन की पहचान का खुलासा हो सकेगा।
Next Story





