छत्तीसगढ़

रायपुर के बेंद्री डैम में मिली अज्ञात लाश

Shantanu Roy
25 Aug 2026 3:28 PM IST
रायपुर के बेंद्री डैम में मिली अज्ञात लाश
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब बेंद्री डैम में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना सामने आई। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस और SDRF की टीम ने शव को पानी से बाहर निकाला और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, बेंद्री डैम में मिला शव छोटा बेरला नदी के रास्ते बहकर आने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने डैम में शव देखा, जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही उरला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पानी में शव होने के कारण उसे बाहर निकालने में परेशानी हो रही थी। इसके बाद SDRF की टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को डैम से बाहर निकाला। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
शव की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार, मृतक की पहचान के लिए आसपास के थानों में सूचना भेजी जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं कोई व्यक्ति पिछले कुछ दिनों से लापता तो नहीं है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई। शव नदी के रास्ते बहकर डैम तक पहुंचा या फिर घटना किसी अन्य स्थान पर हुई, इसकी भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
एक महीने में तीसरी घटना
बेंद्री डैम से जुड़ी घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि करीब एक महीने के भीतर डैम क्षेत्र में यह तीसरी घटना सामने आई है। लगातार हो रही घटनाओं के कारण सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि डैम क्षेत्र में कई बार लोग लापरवाही से पहुंच जाते हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। प्रशासन से मांग की जा रही है कि डैम क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। मृतक की पहचान और घटना की वास्तविक वजह सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
Next Story