छत्तीसगढ़
टायर बना गांजा तस्करी का नया ठिकाना, पुलिस ने किया 75 लाख का गांजा बरामद
Shantanu Roy
19 Aug 2026 6:54 PM IST

x
छग
Gariaband. गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपी फिल्म ‘पुष्पा’ की तर्ज पर शातिराना तरीके से गांजा छिपाकर ले जा रहे थे। पुलिस ने मेटाडोर के टायरों के अंदर से 151.50 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत 75 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाई को गरियाबंद पुलिस ने ‘ऑपरेशन निश्चय’ अभियान के तहत अंजाम दिया है।
पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त को थाना देवभोग पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक मेटाडोर वाहन में भारी मात्रा में अवैध गांजा छिपाकर देवभोग की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और खुटगांव अंतरराज्यीय पुलिस चेक पोस्ट पर वाहनों की जांच शुरू कर दी गई। चेकिंग के दौरान पुलिस जवानों ने एक संदिग्ध मेटाडोर को रोककर उसकी तलाशी ली। शुरुआती जांच में वाहन में कुछ संदिग्ध नहीं मिला, लेकिन पुलिस को शक होने पर वाहन की गहन जांच की गई। इसके बाद मेटाडोर के छह टायरों को खोलकर देखा गया तो पुलिस भी हैरान रह गई। टायरों के अंदर फिल्मी अंदाज में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने मेटाडोर से कुल 151.50 किलोग्राम गांजा जब्त किया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 75 लाख 50 हजार रुपये है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे मेटाडोर वाहन को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है, जिसकी कीमत करीब 20 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले निवासी रोहित पांडेय और ओडिशा के कालाहांडी जिले निवासी रमेश नायक के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) और 27ए के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गरियाबंद पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले की भौगोलिक स्थिति ऐसी है कि यह कई राज्यों की सीमाओं से जुड़ा हुआ है। इसी का फायदा उठाकर तस्कर यहां से अवैध मादक पदार्थों की सप्लाई करने का प्रयास करते हैं। इन गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए रायपुर रेंज पुलिस महानिरीक्षक के निर्देश पर ‘ऑपरेशन निश्चय’ अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, पिछले आठ महीनों में ऑपरेशन निश्चय के तहत नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की गई है। इस दौरान गांजा तस्करी से जुड़े 44 प्रकरण दर्ज किए गए हैं और 86 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने अब तक कुल 10 क्विंटल 80 किलोग्राम यानी 1,080 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ 17 लाख रुपये है।
इसके साथ ही गांजा तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे 32 वाहनों को भी जब्त किया गया है। इनमें 18 दोपहिया और 14 चारपहिया वाहन शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि तस्करों के नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार मुखबिर तंत्र को मजबूत किया जा रहा है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में सक्रिय गांजा तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।
Next Story





