छत्तीसगढ़

रायपुर में पुलिस आरक्षक से दो युवकों ने की मारपीट

Shantanu Roy
6 Sept 2026 12:33 PM IST
रायपुर में पुलिस आरक्षक से दो युवकों ने की मारपीट
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस विभाग के कर्मचारी से मारपीट और शासकीय वाहन में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि ट्रैफिक जाम को लेकर हुए विवाद के बाद दो युवकों ने पुलिस विभाग में पदस्थ स्टेनो के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और शासकीय बाइक को नुकसान पहुंचाया। मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शिकायत के अनुसार, पुलिस विभाग के डीसीपी कार्यालय क्राइम/सायबर में स्टेनो के पद पर पदस्थ कर्मचारी 5 सितंबर 2026 को शासकीय कार्य से बाहर गए हुए थे। वे डीसीपी क्राइम कार्यालय में पदस्थ आरक्षक क्रमांक 1329 के साथ शासकीय मोटरसाइकिल क्रमांक CG03/4736 से काम पूरा कर वापस पुराने पीएचक्यू कार्यालय लौट रहे थे।
इसी दौरान रास्ते में ट्रैफिक जाम होने के कारण वाहन रुक गए थे। मौके पर ड्यूटी कर रहे पुलिस अधिकारी से वह बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान सामने खड़ी पल्सर बाइक क्रमांक CG04PA9804 में बैठे दो युवकों से विवाद शुरू हो गया। शिकायत में बताया गया है कि बाइक चालक मनीष यादव और उसके पीछे बैठे कमलेश कुशवाहा ट्रैफिक रुकने को लेकर नाराज हो गए। आरोप है कि कमलेश कुशवाहा ने पुलिस कर्मचारी के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।
जब पुलिस कर्मचारी ने गाली देने से मना किया और पुलिस अधिकारी से इस तरह व्यवहार नहीं करने की बात कही, तो दोनों युवक कथित रूप से उसके पास पहुंचे और विवाद करने लगे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दोनों ने हाथ-मुक्के और थप्पड़ से मारपीट की। मारपीट की घटना में पुलिस कर्मचारी के पीठ, दाहिने कंधे और गाल में चोट आने की बात कही गई है। इसके अलावा आरोप है कि दोनों युवकों ने शासकीय मोटरसाइकिल में भी तोड़फोड़ की। इससे बाइक की हेडलाइट और अन्य पार्ट्स टूट गए, जिससे करीब 5 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
घटना के समय मौके पर तैनात पुलिस अधिकारी सउनि सुनील कुमार साहू, प्रधान आरक्षक संपत लाल साहू, बद्री प्रसाद साहू सहित अन्य लोगों के मौजूद रहने की बात शिकायत में कही गई है। इन लोगों ने पूरी घटना देखी और सुनी है। शिकायतकर्ता ने बताया कि दोनों आरोपियों को यह जानकारी थी कि वह पुलिस विभाग में कार्यरत हैं, इसके बावजूद उनके साथ विवाद कर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई गई और मारपीट की गई। मामले की शिकायत सिविल लाइन थाना में दर्ज कराई गई है। पुलिस अब घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। जांच के बाद आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। राजधानी में ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मचारी के साथ हुई इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और पुलिसकर्मियों के साथ होने वाले व्यवहार को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।
Next Story