छत्तीसगढ़
महिलाओं-बच्चों से आभूषण चुराने वाली दो महिलाएं गिरफ्तार
Shantanu Roy
24 Aug 2026 7:09 PM IST

x
रक्षाबंधन की भीड़ में लोगो को बनती थी अपना निशाना
Raipur. रायपुर। रक्षाबंधन की खरीदारी के लिए राजधानी के बाजारों में उमड़ रही भीड़ के बीच रायपुर पुलिस ने महिलाओं और बच्चों को निशाना बनाकर आभूषण चोरी करने वाली दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और कोतवाली थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चोरी की सात घटनाओं का खुलासा हुआ है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, एक एक्टिवा और पांच मोबाइल फोन सहित करीब 12 लाख रुपये की सामग्री जब्त की गई है। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए मालवीय रोड, गोलबाजार और शहर के अन्य प्रमुख बाजारों में पुलिस द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल पेट्रोलिंग के साथ सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में बीते रविवार को मालवीय रोड पर पैदल गश्त कर रही पुलिस टीम को एक छोटे बच्चे के गले से सोने का लॉकेट चोरी होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही एसीसीयू और कोतवाली थाना पुलिस की संयुक्त टीम सक्रिय हुई। पुलिस ने घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की। फुटेज में दो संदिग्ध महिलाएं भीड़ के बीच महिलाओं और बच्चों के आसपास घूमती हुई दिखाई दीं। दोनों मौका पाकर उनके गले के आसपास हाथ लगाती नजर आईं। फुटेज से मिले हुलिये के आधार पर पुलिस ने क्षेत्र में घेराबंदी कर दोनों संदिग्ध महिलाओं को पकड़ लिया।
पूछताछ में महिलाओं की पहचान 32 वर्षीय नंदनी राजपूत और 20 वर्षीय सानिया मरकाम के रूप में हुई। नंदनी रामनगर कर्मा चौक और सानिया रामनगर पुरानी पुलिस चौकी के पास की रहने वाली है। दोनों इलाके गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में आते हैं। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने टीम को गुमराह करने का प्रयास किया। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध प्रमाणों के आधार पर दोनों से विस्तृत पूछताछ की गई। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने महिलाओं और छोटे बच्चों को निशाना बनाकर उनके गले से सोने के लॉकेट, चेन एवं अन्य आभूषण चोरी करने की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। आरोपी भीड़भाड़ का फायदा उठाकर पीड़ितों के बेहद करीब पहुंचती थीं और ध्यान भटकते ही आभूषण पार कर देती थीं।
पूछताछ में गोलबाजार, महादेव घाट, इतवारी बाजार सहित शहर के अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और मेला स्थलों में इसी तरीके से चोरी की सात घटनाओं को अंजाम देने की जानकारी सामने आई है। आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग मामलों से जुड़े करीब 10 लाख रुपये कीमत के सोने और चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने महिलाओं के कब्जे से नौ हजार 700 रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल एक एक्टिवा वाहन और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। बरामद आभूषणों और अन्य सामग्री की कुल कीमत लगभग 12 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस चोरी की अन्य संभावित घटनाओं में दोनों की भूमिका की जांच कर रही है। बरामद सामान के वास्तविक मालिकों की पहचान भी की जा रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी नंदनी राजपूत का पति मोहन राजपूत नोपाली गुढ़ियारी थाने का हिस्ट्रीशीटर है। वह वर्तमान में नारकोटिक एक्ट के एक प्रकरण में दोषसिद्ध होने के बाद केंद्रीय जेल रायपुर में सजा काट रहा है। पुलिस नंदनी और सानिया के संपर्कों तथा उनके साथ किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की भी जांच कर रही है। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त मध्य जोन तारकेश्वर पटेल के निर्देशन में एसीसीयू एवं कोतवाली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की। पुलिस का कहना है कि समय रहते दोनों महिला आरोपियों के पकड़े जाने से त्योहारी भीड़ के दौरान चोरी की कई संभावित वारदातों को रोकने में सफलता मिली है। रायपुर पुलिस ने नागरिकों से बाजार में खरीदारी करते समय अपने बच्चों और आभूषणों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। रक्षाबंधन और आगामी त्योहारों को देखते हुए प्रमुख बाजारों में पैदल पेट्रोलिंग, सीसीटीवी निगरानी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Next Story





