निर्माणाधीन अस्पताल में चोरी करने घुसे दो चोर, एक का पैर टूटा, दूसरा फरार
जनता से रिश्ता वेबडेस्क। बिलासपुर। सीपत के निर्माणाधीन 100 बिस्तरों के अस्पताल में दो युवक चोरी करने के लिए घुस गए। इस दौरान अस्पताल के चौकीदार ने उन्हें देख लिया। इसके बाद एक युवक अस्पताल की दूसरी मंजिल से कूद गया। इससे युवक का पैर टूट गया। वहीं, उसके सिर में भी चोटे आई है। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, इसकी शिकायत पर पुलिस ने युवकों के खिलाफ चोरी के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
सीपत के प्रगति नगर में रहने वाले शंभू प्रसाद वंशकार निजी कंपनी में सुरक्षाकर्मी हैं। उनकी ड्यूटी सीपत में बन रहे 100 बिस्तरों के अस्पताल में लगी है। सोमवार की दोपहर दो बजे वे ड्यूटी पर थे। दूसरी मंजिल से सामान गिरने की आवाज आने पर वे वहां पहुंचे। इस दौरान सीपत के नहरपारा में रहने वाले राजा और विजय सूर्यवंशी निर्माणाधीन अस्पताल में लगे पंखे, ट्यूब लाइट और नलों की टोटियों को निकाल रहे थे। चौकीदार को देखते ही युवक सामान छोड़कर भागने लगे।
इसी बीच विजय ने दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। इससे उसका पैर टूट गया। वहीं, उसके सिर में भी चोटे आई है। चौकीदार ने इसकी जानकारी अपने सुपरवाइजर खिलावन प्रसाद साहू को दी। इसके बाद घायल को अस्पताल पहुंचाया। अधिकारियों के कहने पर चौकीदार ने मंगलवार की शाम सीपत थाने पहुंचकर इसकी शिकायत दर्ज कराई है। इस पर पुलिस ने युवकों के खिलाफ चोरी के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
दूसरा आरोपित गांव से फरार
भागते समय दूसरी मंजिल से कूदने पर विजय का पैर टूट गया। राजा अपने घायल साथी को छोड़कर फरार हो गया। घायल को चौकीदार ने अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही इसकी जानकारी पुलिस को दी। इस पर पुलिस की टीम फरार राजा की तलाश के लिए उसके घर गई थी। इस दौरान वह गायब हो गया।