
x
छग
Rajnandgaon. राजनांदगांव। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने चोरी के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान और 60 हजार रुपये नकद सहित अन्य सामग्री बरामद की गई है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन और डीएसपी क्राइम सत्यप्रकाश तिवारी के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की गई।
थाना कोतवाली क्षेत्र में रविशंकर देवांगन ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 5 से 9 सितंबर 2026 के बीच उनके मकान में चोरी हुई। शिकायत के मुताबिक घर से नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और घरेलू सामान समेत करीब 2.10 लाख रुपये की संपत्ति चोरी हुई थी। मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर गफ्फार शरीफ (55) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में उसने वारदात करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर दो जर्मन कड़ाही, पीतल की बाल्टी, तांबे का गिलास और 60 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। आरोपी को 14 सितंबर को गिरफ्तार किया गया।
दूसरी कार्रवाई पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ क्षेत्र में की गई। नरेंद्र देवांगन ने शिकायत की थी कि 12 सितंबर की रात देवांगन वॉच सेंटर का शटर उठाकर दुकान से एक हजार रुपये नकद, 30 हाथ घड़ियां और 10 बैग समेत करीब 10,500 रुपये का सामान चोरी कर लिया गया। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर योगेश साहू की पहचान की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में योगेश ने अपने साथी जलालुद्दीन कुरैशी और प्रेम सिंह के साथ मिलकर चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपियों की निशानदेही पर हाथ घड़ियां, बैग, अन्य सामान और बची हुई नकदी बरामद की गई।
जांच में तीनों की कथित संलिप्तता एक अन्य चोरी में भी सामने आने का दावा किया गया है। पुलिस के अनुसार तुमड़ीबोड़ में हिरामन साहू के पान ठेले का दरवाजा तोड़कर सिगरेट, पान मसाला और नकदी समेत करीब 15 हजार रुपये का सामान चोरी किया गया था। इस मामले में भी अपराध दर्ज है। गिरफ्तार आरोपियों में योगेश साहू (20), जलालुद्दीन कुरैशी (32) और प्रेम सिंह (26) शामिल हैं। तीनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि संपत्ति संबंधी अपराधों और आदतन अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Next Story





