छत्तीसगढ़

रायपुर में खुलेंगे दो नए उपपंजीयक कार्यालय, टाटीबंध और बिरगांव के लोगों को मिलेगी राहत

Shantanu Roy
6 Oct 2026 2:37 PM IST
रायपुर में खुलेंगे दो नए उपपंजीयक कार्यालय, टाटीबंध और बिरगांव के लोगों को मिलेगी राहत
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में जमीन और प्रॉपर्टी की लगातार बढ़ती खरीदी-बिक्री को देखते हुए पंजीयन विभाग उपपंजीयक कार्यालयों का विस्तार करने की तैयारी में है। इसी कड़ी में टाटीबंध और बिरगांव नगर निगम क्षेत्र में जल्द ही नए उपपंजीयक कार्यालय शुरू किए जाएंगे। विभाग स्तर पर इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। संभावना जताई जा रही है कि आगामी दो महीने के भीतर दोनों क्षेत्रों में उपपंजीयक कार्यालय काम करना शुरू कर देंगे। इन कार्यालयों के शुरू होने के बाद टाटीबंध, बिरगांव और आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों को जमीन, मकान और अन्य प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री के लिए कलेक्टोरेट परिसर स्थित मुख्य पंजीयन कार्यालय तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। लोगों को उनके नजदीकी क्षेत्र में ही पंजीयन से जुड़ी सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इससे मुख्य कार्यालय में रजिस्ट्री के लिए पहुंचने वाली भीड़ भी कम होने की उम्मीद है।

दरअसल, मास्टर प्लान-2031 के तहत रायपुर के निवेश क्षेत्र का दायरा काफी बढ़ाया गया है। पहले राजधानी के निवेश क्षेत्र में 41 गांव शामिल थे, लेकिन नए मास्टर प्लान में 65 नए गांवों को भी शामिल किया गया है। इसके बाद रायपुर निवेश क्षेत्र में शामिल गांवों की कुल संख्या बढ़कर 106 हो गई है। निवेश क्षेत्र के विस्तार के साथ राजधानी के बाहरी और ग्रामीण इलाकों में विकास गतिविधियां भी तेज हुई हैं। कई क्षेत्रों में आवासीय और व्यावसायिक प्रोजेक्ट विकसित हो रहे हैं। इसके साथ जमीन की खरीदी-बिक्री और रजिस्ट्री की संख्या में भी बढ़ोतरी हो रही है। इसी कारण पंजीयन विभाग शहर और आसपास के क्षेत्रों में रजिस्ट्री व्यवस्था को विकेंद्रीकृत करने पर जोर दे रहा है। पंजीयन विभाग का उद्देश्य लोगों को उनके क्षेत्र के नजदीक ही रजिस्ट्री की सुविधा देना है। अभी रायपुर कलेक्टोरेट परिसर स्थित मुख्य पंजीयन कार्यालय में बड़ी संख्या में लोग रजिस्ट्री के लिए पहुंचते हैं। सामान्य दिनों की तुलना में त्योहारों, शुभ मुहूर्त और वित्तीय वर्ष की समाप्ति के दौरान यहां दबाव काफी बढ़ जाता है। विशेष रूप से मार्च क्लोजिंग के समय जमीन और प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री कराने वालों की संख्या तेजी से बढ़ती है। ऐसे में ऑनलाइन आवेदन करने, अपॉइंटमेंट लेने और दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी करने से लेकर रजिस्ट्री कराने तक लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।

मुख्य कार्यालय में अधिक भीड़ होने से कर्मचारियों पर भी अतिरिक्त कार्यभार बढ़ता है। इसी समस्या को कम करने के लिए पंजीयन विभाग ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में उपपंजीयक कार्यालय खोलने की व्यवस्था शुरू की है। सड्डू-मोवा क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए विधानसभा रोड स्थित बेबीलॉन टॉवर और श्रीराम बिजनेस पार्क में उपपंजीयक कार्यालय पहले ही शुरू किए जा चुके हैं। इन कार्यालयों में रजिस्ट्री की सुविधा उपलब्ध होने से आसपास के लोगों को कलेक्टोरेट स्थित मुख्य कार्यालय तक नहीं जाना पड़ रहा है। इससे लोगों के समय और श्रम की बचत के साथ आने-जाने पर होने वाला खर्च भी कम हुआ है। स्थानीय स्तर पर सुविधा उपलब्ध होने से रजिस्ट्री प्रक्रिया भी अपेक्षाकृत आसान हुई है। अब इसी व्यवस्था को आगे बढ़ाते हुए टाटीबंध और बिरगांव क्षेत्र में उपपंजीयक कार्यालय खोलने की तैयारी है। दोनों क्षेत्र राजधानी के तेजी से विकसित हो रहे इलाकों में शामिल हैं। आसपास के गांवों में भी जमीन की खरीदी-बिक्री और आवासीय गतिविधियां बढ़ रही हैं। नए कार्यालय खुलने से इन क्षेत्रों के निवासियों के साथ निवेश ग्रामों के लोगों को भी सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है। पंजीयन विभाग की इस पहल से मुख्य पंजीयन कार्यालय में भीड़ और काम का दबाव कम करने में मदद मिल सकती है। साथ ही लोगों को रजिस्ट्री के लिए लंबी दूरी तय करने की आवश्यकता भी कम होगी। आने वाले महीनों में टाटीबंध और बिरगांव में उपपंजीयक कार्यालय शुरू होने के बाद राजधानी की रजिस्ट्री व्यवस्था और अधिक विकेंद्रीकृत हो जाएगी।
Next Story