छत्तीसगढ़

मोहपाल सरपंच हत्याकांड में शिक्षक समेत दो और गिरफ्तार

Shantanu Roy
6 Oct 2026 1:54 PM IST
मोहपाल सरपंच हत्याकांड में शिक्षक समेत दो और गिरफ्तार
x
छग
Pharasgaon. फरसगांव। मोहपाल सरपंच मंगल सिंह मरकाम हत्याकांड में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए शिक्षक समेत दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरगराम नेताम (39) और बावन राम नेताम (54) के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को 6 अक्टूबर 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 15 अक्टूबर 2026 तक न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इससे पहले पुलिस इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। दो नई गिरफ्तारियों के बाद मामले में पकड़े गए आरोपियों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है।
पुलिस के मुताबिक सरगराम नेताम मोहपाल गौरीपदर स्थित प्राथमिक शाला में शिक्षक के पद पर पदस्थ है, जबकि बावन राम नेताम मोहपाल गोंरीपदर पारा का निवासी है। मामला थाना बड़ेडोंगर में अपराध क्रमांक 22/2026 के तहत दर्ज है। पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान सामने आए बयानों, उपलब्ध तथ्यों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई। इसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई।
घटना 29 और 30 सितंबर की दरमियानी रात की बताई जा रही है। पुलिस जांच के अनुसार 29 सितंबर की रात सरपंच मंगल सिंह मरकाम के गांव आने की सूचना आरोपियों को मिली थी। इसके बाद आरोपी पड़ाड़ी मार्ग और नदी किनारे स्थित जंगल क्षेत्र में कथित रूप से घात लगाकर बैठ गए। सरपंच के मौके पर पहुंचने के बाद आरोपियों ने उन्हें पकड़ लिया और उनके हाथ बांध दिए। आरोप है कि इसके बाद थप्पड़, चप्पल, लोहे की रॉड और डंडे से उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। अगली सुबह 30 सितंबर को सरपंच मंगल सिंह मरकाम जंगल किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। उनके सिर पर चोट के निशान थे। सूचना मिलने के बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस को आरोपियों के बीच कथित बातचीत, घटनास्थल से जुड़े तथ्यों और पूर्व योजना से संबंधित जानकारियां भी मिलीं। न्यायालयीन दस्तावेजों में भी हत्या की कथित पूर्व योजना और आरोपियों के बीच संपर्क का उल्लेख सामने आया है। पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार इस हत्याकांड के पीछे पुरानी रंजिश की बात भी सामने आई है। आरोपी मिट्ठू राम नेताम से पूछताछ के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि सरपंच मंगल सिंह मरकाम और आरोपी परिवार की एक महिला के बीच कथित प्रेम प्रसंग की चर्चा को लेकर विवाद और नाराजगी थी। पुलिस इसी एंगल सहित अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।
इससे पहले पुलिस ने 1 अक्टूबर 2026 को सात आरोपियों मिट्ठू राम नेताम (45), श्रवण कुमार नेताम (20), अमित कुमार नेताम (20), लखन नेताम (25), नब्बू वट्टी (28), राकेश मंडावी (21) और प्रभु लाल नेताम (20) को गिरफ्तार किया था। अब शिक्षक सरगराम नेताम और बावन राम नेताम की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले में सभी आरोपियों की भूमिका का अलग-अलग परीक्षण कर रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों, आरोपियों के बीच संपर्क, हत्या की कथित योजना और वारदात में इस्तेमाल साधनों की जांच जारी है। मामले में आगे और तथ्य सामने आने की संभावना है।
Next Story