
x
छग
कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में ATM से पैसे चोरी करने का प्रयास करने वाले 2 चोरों को गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि, शाम के वक्त ATM में 8 लाख रुपए डाले गए थे। पास में मौजूद दो युवकों को इसकी भनक लगी। उसी रात गैस कटर लेकर पैसे चोरी करने पहुंच गए। लेकिन, एक शख्स ने उन्हें देख लिया। जिसके बाद वे वहां से भाग निकले थे। हालांकि, कुछ ही देर में पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। मामला कोंडागांव सिटी कोतवाली क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, कोंडागांव शहर के मुख्य मार्ग पर स्थित इंडिया-1 ATM से चोरी की वारदात की कोशिश हुई है। शनिवार की देर शाम बैंक के कर्मचारियों ने करीब 8 लाख रुपए ATM में डाले थे। जिसकी भनक पास में मौजूद 2 चोरों को लगी थी। चोर शुक्रवार की तड़के करीब 3 बजे लोहे के औजार, कटर लेकर ATM तोड़कर पैसे निकालने पहुंच गए। चोरी की वारदात को अंजाम दे ही रहे थे कि, पास के एक घर से एक शख्स बाहर निकला।
जिसने चोरों को देख हल्ला किया। शोरगुल की आवाज सुनकर दोनों चोर बाइक से उमरकोट की ओर भाग निकले थे। लोगों ने इसकी जानकारी फौरन पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस की पेट्रोलिंग वाहन ने चोरों का पीछा किया। दोनों चोरों को ग्राम बफना के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों से पूछताछ करने पर अपना गौरव मानिकपुरी (23) निवासी मुंगेली और पवन कैवर्त (19) साल निवासी मस्तूरी बिलासपुर बताया। दोनों ने पुलिस को बताया कि, लग्जरी शौक रखते थे। पैसे नहीं थे। इसलिए पहली बार चोरी का प्रयास किए। दोनों युवकों ने बताया कि वे जिले में अपने रिश्तेदार के यहां आए हुए थे। दरअसल, बस्तर के अलग-अलग शहरों में चोर अब ATM से पैसे चोरी करने का लगातार प्रयास कर रहे हैं। कुछ दिन पहले चोरों ने दंतेवाड़ा में SBI के ATM से पैसे चोरी करने का प्रयास किया था। लेकिन, वे चोरी नहीं कर पाए। पुलिस ने दूसरे दिन दो चोरों को पकड़ लिया था। वहीं जगदलपुर में भी ATM से पैसे चोरी करने का असफल प्रयास करने वाले चोरों को पुलिस ने दबोचा था।
Next Story