छत्तीसगढ़

पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में दो चाकूबाज गिरफ्तार

Shantanu Roy
25 July 2026 8:13 PM IST
पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में दो चाकूबाज गिरफ्तार
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के डीसीपी पश्चिम जोन के निर्देश पर थाना पुरानी बस्ती पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से धारदार स्टील के चाकू बरामद किए हैं। दोनों के खिलाफ पृथक-पृथक अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार शहर में चाकूबाजी और अवैध हथियार रखने वाले असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार पेट्रोलिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जा रही है। इसी अभियान के तहत 24 जुलाई 2026 को थाना पुरानी बस्ती पुलिस की पेट्रोलिंग टीम को अलग-अलग स्थानों पर दो युवकों के अवैध रूप से धारदार चाकू लेकर घूमने की सूचना मिली।

मुखबिर से मिली सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पहली कार्रवाई में पुलिस टीम तिरंगा चौक, कुशालपुर पहुंची, जहां घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवक को पकड़ा गया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम मयंक ठाकुर पिता ईश्वर ठाकुर उम्र 20 वर्ष निवासी राष्ट्रीय चौक, शेखर किराना के पास, कुशालपुर, थाना पुरानी बस्ती, रायपुर बताया। पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो उसके कब्जे से एक स्टील का धारदार चाकू बरामद हुआ। आरोपी से हथियार रखने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने चाकू को जब्त कर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की। इसके बाद पुलिस टीम ने दूसरी कार्रवाई करते हुए कुशालपुर चौक के पास घेराबंदी कर एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान खेमकरण धुव उर्फ फाइटर पिता गणेश धुव उम्र 20 वर्ष निवासी आदिवासी कॉलोनी, कुशालपुर, थाना पुरानी बस्ती, रायपुर के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने भी अपने पास चाकू रखने की बात स्वीकार की। पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक स्टील का धारदार चाकू बरामद किया गया। आरोपी भी चाकू रखने के संबंध में कोई वैध अनुमति या दस्तावेज नहीं दिखा पाया। दोनों आरोपियों के कब्जे से बरामद धारदार हथियारों को पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 335/2026 और 336/2026 दर्ज किया है। दोनों मामलों में धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध हथियार लेकर घूमने वाले लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे लोगों पर नजर रखने के लिए पेट्रोलिंग टीमों को सक्रिय किया गया है। रायपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा अवैध हथियार रखने, भय का माहौल बनाने या संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने की जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध हथियार रखने वाले लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि अपराधों पर नियंत्रण और आम जनता की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।
Next Story