छत्तीसगढ़

रायगढ़ में सड़क हादसे, दो की मौत

Nilmani Pal
3 July 2026 1:17 PM IST
रायगढ़ में सड़क हादसे, दो की मौत
x

रायगढ़। जिले में अलग-अलग सड़क हादसों में 2 लोगों की मौत हो गई। एक मामले में अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जबकि दूसरे मामले में तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की जान चली गई। दोनों मामलों में पुलिस ने संबंधित चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहली घटना पूंजीपथरा थाना क्षेत्र की है। गुरुवार शाम बाइक सवार युवक अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान पूंजीपथरा के पास अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उसका पैर बुरी तरह कुचल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान ग्राम छिरभौना निवासी संतोष मांझी (35) के रूप में हुई है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है।

दूसरी घटना लैलूंगा थाना क्षेत्र की है। ग्राम कमरगा सराईपारा निवासी घसिया राम चौहान (58) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके पिता रामनाथ चौहान गुरुवार दोपहर पैसे निकालने के लिए कियोस्क शाखा जाने के लिए घर से पैदल निकले थे। रास्ते में अटल चौक के पास गांव के ही रहने वाले सुरेश सिदार ने उन्हें सूचना दी कि एक तेज रफ्तार बाइक चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए पीछे से उनके पिता को जोरदार टक्कर मार दी। घसिया राम चौहान मौके पर पहुंचे तो उनके पिता खून से लथपथ पड़े थे और उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना के बाद पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Next Story