
x
छग
बिलासपुर। रायपुर से आ रही किन्नर को दूसरे गुट के किन्नरों ने पीट दिया। साथ ही जान से मारने की धमकी देते हुए स्कूटी में तोड़फोड़ की। मारपीट के बाद किन्नर ने इसकी शिकायत हिर्री थाने में की है। दूसरे पक्ष ने भी मारपीट की शिकायत की है।
इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। तिफरा के यदुनंदन नगर में रहने वाले श्रेया किन्नर मंगलवार को शेख समायरा के साथ किसी काम से रायपुर गया था। रात 11 बजे वे लौट रहे थे। भोजपुरी टोल प्लाजा के पास वे होटल में खाना खाने जा रहे थे।
इसी बीच वहां पर लक्ष्मी किन्नर और शिवानी पहुंच गए। दोनों ने अपने इलाके में ग्राहक बिगाड़ने की बात कहते हुए श्रेया से गाली-गलौज शुरू कर दी। इसका विरोध करने पर दोनों ने मिलकर श्रेया की पिटाई की। मारपीट के बीच समायरा बीच-बचाव करने आई। किन्नरों ने उनकी भी पिटाई कर दी।
साथ ही उनकी स्कूटी को गिराकर तोड़फोड़ की। मारपीट के दौरान आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया। इसके बाद आहत ने घटना की शिकायत हिर्री थाने में की है। इसी तरह दूसरे पक्ष ने भी मारपीट की शिकायत की है। इस पर पुलिस दोनों पक्ष के खिलाफ जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
इलाके को लेकर आए दिन हो रहा विवाद
शहर में किन्नरों के कई गुट बन गए हैं। उनके बीच इलाके में बधाई मांगने को लेकर आए दिन विवाद हो रहा है। रेलवे क्षेत्र में दो गुटों के बीच कई बार हाथापाई की नौबत आ चुकी है। इसके अलावा शहर के अलग-अलग क्षेत्र में उनके बीच मारपीट की शिकायतें आ रही हैं। बीते दिनों इसी तरह का मामला सरकंडा क्षेत्र में भी आया था। इस दौरान पुलिस ने दोनों पक्ष को समझाइश देकर मामला शांत करा दिया था। इसके बाद भी किन्नरों के गुटों के बीच विवाद हो रहा है।

Nilmani Pal
Next Story