छत्तीसगढ़
शिक्षक भर्ती में अब डिग्री के साथ दो शर्तें जरूरी, जानिए सरकार का नया नियम
Shubhra Nandy
10 Nov 2026 7:25 AM IST

x
रायपुर : छत्तीसगढ़ में स्पेशल एजुकेटर बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। अब केवल डी.एड. या बी.एड. स्पेशल एजुकेशन की डिग्री होना ही पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) उत्तीर्ण करने के साथ भारतीय पुनर्वास परिषद (RCI) में पंजीकरण भी जरूरी होगा। राज्य सरकार के स्कूल शिक्षा विभाग ने शिक्षक भर्ती एवं पदोन्नति नियम 2026 में संशोधन करते हुए प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्पेशल एजुकेटर पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता स्पष्ट कर दी है। इस संबंध में 5 नवंबर 2026 को मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर से अधिसूचना जारी की गई है। नए प्रावधानों के अनुसार प्राथमिक स्तर के लिए डी.एड. स्पेशल एजुकेशन और उच्च प्राथमिक स्तर के लिए बी.एड. स्पेशल एजुकेशन अथवा संबंधित समकक्ष योग्यता निर्धारित की गई है। जारी अधिसूचना के अनुसार दोनों पदों के लिए निर्धारित विशेष शिक्षा योग्यता के साथ शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) उत्तीर्ण होना आवश्यक होगा। इसके अलावा भारतीय पुनर्वास परिषद में पंजीकरण भी अनिवार्य किया गया है।
संविधान के अनुच्छेद 309 के तहत नियमों में संशोधन
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी अधिसूचना क्रमांक RULE-3016/17/2025-SCHOOL EDU. SEC. के अनुसार भारत के संविधान के अनुच्छेद 309 के परन्तुक द्वारा प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए छत्तीसगढ़ के राज्यपाल ने भर्ती तथा पदोन्नति नियम, 2026 में संशोधन किया है। यह संशोधन नियमों के परिशिष्ट-एक में न्यूनतम अर्हता से संबंधित खंड चार और पांच के स्थान पर नई योग्यताओं को प्रतिस्थापित करने के लिए किया गया है।
प्राथमिक स्पेशल एजुकेटर के लिए D.Ed स्पेशल एजुकेशन जरूरी
अधिसूचना के अनुसार स्पेशल एजुकेटर (प्राथमिक) पद के लिए अभ्यर्थी का भारतीय पुनर्वास परिषद (RCI), नई दिल्ली द्वारा मान्यता प्राप्त संस्थान से डी.एड. स्पेशल एजुकेशन उत्तीर्ण होना अथवा इसके समकक्ष योग्यता होना आवश्यक है। इसके साथ ही अभ्यर्थी का भारतीय पुनर्वास परिषद में पंजीकृत होना भी जरूरी है। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) द्वारा इस प्रयोजन के लिए निर्मित मार्गदर्शी सिद्धांतों के अनुसार समुचित सरकार द्वारा आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) में उत्तीर्ण होना अनिवार्य किया गया है।
उच्च प्राथमिक स्पेशल एजुकेटर के लिए B.Ed स्पेशल एजुकेशन जरूरी
स्पेशल एजुकेटर (उच्च प्राथमिक) पद के लिए भारतीय पुनर्वास परिषद, नई दिल्ली द्वारा मान्यता प्राप्त संस्थान से बी.एड. स्पेशल एजुकेशन उत्तीर्ण अथवा इसके समकक्ष योग्यता निर्धारित की गई है। इस पद के लिए भी अभ्यर्थी का भारतीय पुनर्वास परिषद में पंजीकृत होना आवश्यक होगा। साथ ही राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद द्वारा निर्धारित मार्गदर्शी सिद्धांतों के अनुसार समुचित सरकार द्वारा आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) उत्तीर्ण होना जरूरी है।
दोनों पदों के लिए TET अनिवार्य
स्कूल शिक्षा विभाग की अधिसूचना में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक दोनों श्रेणियों के स्पेशल एजुकेटर पदों के लिए TET उत्तीर्ण होने की शर्त शामिल की गई है। इसका अर्थ है कि निर्धारित डी.एड. स्पेशल एजुकेशन या बी.एड. स्पेशल एजुकेशन की योग्यता के साथ संबंधित शिक्षक पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण होना भी आवश्यक होगा। संशोधित नियमों में भारतीय पुनर्वास परिषद में पंजीकरण की शर्त भी स्पष्ट की गई है। प्राथमिक और उच्च प्राथमिक दोनों पदों के लिए अभ्यर्थियों को निर्धारित शैक्षणिक योग्यता के साथ परिषद में पंजीकृत होना होगा। शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह अधिसूचना महत्वपूर्ण है। विशेष रूप से स्पेशल एजुकेशन में डी.एड. और बी.एड. की योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों को संशोधित पात्रता नियमों की जानकारी रखना आवश्यक है।
Next Story





