छत्तीसगढ़

मोबाइल से सट्टा पट्टी लिख रहे दो सटोरिए गिरफ्तार

Shantanu Roy
2 Sept 2026 11:32 PM IST
मोबाइल से सट्टा पट्टी लिख रहे दो सटोरिए गिरफ्तार
x
नगदी समेत बाइक जब्त
Rajnandgaon. राजनांदगांव। शहर में अवैध सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बसंतपुर थाना पुलिस ने दो सटोरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सट्टा पट्टी, डॉट पेन, 14 हजार 700 रुपए नकद, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने शहर में अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ सट्टे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत अलग-अलग थाना क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन तथा बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन के नेतृत्व में पुलिस टीम सटोरियों के खिलाफ कार्रवाई में जुटी हुई थी। पुलिस के अनुसार 1 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि फुर्सत के पल चौक स्थित कान्हा डेयरी के सामने एक पंचर दुकान पर दो व्यक्ति मोबाइल फोन के माध्यम से सट्टा पट्टी लिखकर अवैध रूप से रकम अर्जित कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए बसंतपुर पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस टीम ने बताए गए स्थान की घेराबंदी की और वहां मौजूद दोनों संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ लिया। पूछताछ और जांच के दौरान उनकी पहचान रमेश वर्मा और निशांत बोरकर के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों के पास से सट्टे से संबंधित सामग्री बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से सट्टा पट्टी, डॉट पेन, 14 हजार 700 रुपए नकद, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है। आरोपियों द्वारा मोबाइल के माध्यम से सट्टा पट्टी लिखे जाने की जानकारी सामने आने के बाद मोबाइल फोन को भी जांच के लिए जब्त किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में रमेश वर्मा पिता हरदेव प्रसाद वर्मा उम्र 44 वर्ष निवासी शिवनगर बसंतपुर और निशांत बोरकर पिता अनिल बोरकर उम्र 27 वर्ष निवासी शिवनगर बसंतपुर शामिल हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ बसंतपुर थाने में अपराध क्रमांक 405/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 और 7 के तहत मामला पंजीबद्ध कर दोनों को विधिवत गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि शहर में अवैध सट्टा, जुआ और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। मुखबिर तंत्र के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन, प्रशिक्षु उप निरीक्षक राजीव चन्द्रा, आरक्षक रूपेन्द्र वर्मा, राजेश बंदेश्वर और ललित रावटे की सराहनीय भूमिका रही।
Next Story