छत्तीसगढ़
दीवार से सटाकर मकान बनाने को लेकर विवाद, हाफ मर्डर मामलें में 2 गिरफ्तार
Shantanu Roy
14 Aug 2026 11:05 PM IST

x
छग
Bilaspur. बिलासपुर। जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र में मकान निर्माण को लेकर हुए विवाद में हत्या का प्रयास करने वाले दो फरार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने करीब एक महीने से फरार चल रहे आरोपियों को पकड़कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में घटना में इस्तेमाल किए गए बांस के डंडे और बाइक भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार प्रकरण थाना बिल्हा क्षेत्र के ग्राम डोडकी का है। यहां दीवार से सटाकर मकान बनाने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपियों ने एक राय होकर पीड़ित और उसके पिता के साथ मारपीट की थी। इस दौरान जान से मारने की नीयत से हमला करने का आरोप लगाया गया है।
मकान निर्माण को लेकर हुआ था विवाद
मामले में प्रार्थी रमेश कुमार कोसले पिता अंजोरदास कोसले (35 वर्ष), निवासी डोडकी थाना बिल्हा ने 13 जुलाई 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार 13 जुलाई की सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच ग्राम डोडकी स्थित उसके घर के पास दीवार से हटाकर मकान बनाने की बात को लेकर विवाद हुआ। इस दौरान रामू यादव, रामजीवन यादव और सोहन यादव ने एक राय होकर प्रार्थी और उसके पिता के साथ गाली-गलौज की। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने डंडे से हमला कर दोनों को गंभीर चोट पहुंचाई और जान से खत्म करने की कोशिश की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने थाना बिल्हा में अपराध क्रमांक 360/2026 दर्ज किया। मामले में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(3), 109(1), 55, 3(5) और एसटी/एससी एक्ट की धारा 3(1)(10) के तहत अपराध दर्ज किया गया था।
एक माह से फरार थे आरोपी
घटना के बाद मामले के दो आरोपी रामजीवन यादव और रामू यादव फरार चल रहे थे। पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी के मार्गदर्शन में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाई गई। इसी दौरान 14 अगस्त 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों आरोपी क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी रामजीवन यादव और रामू यादव को पकड़ लिया।
पूछताछ में स्वीकार किया अपराध
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने प्रार्थी और उसके पिता के साथ मारपीट करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किए गए दो नग बांस के डंडे और मोटरसाइकिल क्रमांक CG10BG6484 जब्त की है। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बिल्हा निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, उप निरीक्षक जीएल चंद्राकर, आरक्षक अर्जुन जांगड़े, संतोष मरकाम और राजेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और गंभीर मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
Tagsबिलासपुर अपराधबिल्हा पुलिस कार्रवाईहत्या का प्रयासमकान विवादफरार आरोपी गिरफ्तारछत्तीसगढ़ पुलिसडंडे से हमलाएससी एसटी एक्टपुलिस कार्रवाईक्राइम न्यूजBilaspur crimeBilha police actionattempted murderproperty disputearrest of absconding accusedChhattisgarh Policeassault with a stickSC/ST Actpolice actioncrime news.
Next Story





