
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी में प्रतिबंधित नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार के खिलाफ गोलबाजार पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी स्कूटी में प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप लेकर बिक्री करने जा रहे थे। आरोपियों के कब्जे से कुल 28 नग कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया गया है। इसके अलावा एक दोपहिया वाहन और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी मध्य जोन तारकेश्वर पटेल और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त मध्य विवेक शुक्ला ने मध्य क्षेत्र में नशीले पदार्थों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सभी थाना प्रभारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत मादक पदार्थों और प्रतिबंधित नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 5 अक्टूबर को गोलबाजार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति शास्त्री बाजार रोड से लोहार गली होते हुए मोतीबाग चौक की तरफ एक स्कूटी में प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप लेकर बिक्री करने जा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम सक्रिय हुई और बताए गए रास्ते पर घेराबंदी की गई। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने स्कूटी क्रमांक CG-04-NV-7257 पर सवार दो संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में उनकी पहचान सूरज श्रीवास और मोहम्मद आरिफ के रूप में हुई। पुलिस ने इसके बाद नियमानुसार दोनों की तलाशी ली।
पुलिस के मुताबिक तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 28 नग Codeine Phosphate Triprolidine Syrup ONEREX Cough Syrup बरामद किया गया। प्रत्येक बोतल में 100 एमएल सिरप बताया गया है। पुलिस की विस्तृत जानकारी में बरामद 28 सिरप की कुल कीमत 5,642 रुपए बताई गई है। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल की जा रही NTORQ मोपेड क्रमांक CG-04-NV-7257 और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना गोलबाजार में अपराध क्रमांक 139/2026 दर्ज किया है। उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में सूरज श्रीवास पिता स्वर्गीय संतोष श्रीवास उम्र 27 वर्ष, निवासी नंदी चौक, मनीष पान ठेला के बाजू, टिकरापारा थाना क्षेत्र रायपुर और मोहम्मद आरिफ पिता स्वर्गीय नूर मोहम्मद उम्र 36 वर्ष, निवासी नयापारा शंकर चौक, सुलभ के पास, थाना गोलबाजार क्षेत्र रायपुर शामिल हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतिबंधित नशीली सिरप आरोपियों के पास कहां से पहुंची थी और इसे किन लोगों को बेचा जाना था। इसके साथ ही इसकी आपूर्ति श्रृंखला तथा कारोबार में शामिल अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के अनुसार मामले में विस्तृत विवेचना जारी है। जांच में सामने आने वाली जानकारी के आधार पर इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जाएगी।
Next Story





