छत्तीसगढ़

रायपुर में डिलीवरी बॉय को टक्कर मारकर लूटपाट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

jantaserishta.com
13 Nov 2026 4:28 PM IST
रायपुर में डिलीवरी बॉय को टक्कर मारकर लूटपाट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
x

रायपुर: राजधानी के आमानाका थाना क्षेत्र में एक डिलीवरी बॉय की गाड़ी को जानबूझकर टक्कर मारकर उससे लूटपाट करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और आमानाका थाना पुलिस ने मिलकर की।

क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार हबीब खान स्विगी इंस्टामार्ट में डिलीवरी बॉय का काम करता है। 10 नवंबर को वह अपनी एक्टिवा से महोबा बाजार से सरोना की ओर पार्सल पहुंचाने जा रहा था। दोपहर के समय डुमर तालाब के पास बाइक पर सवार दो युवकों ने जानबूझकर उसकी एक्टिवा को टक्कर मार दी, जिससे वह गाड़ी समेत सड़क पर गिर गया।
इसके बाद दोनों युवक उससे पैसों की मांग करने लगे। हबीब ने विरोध किया तो एक और युवक मौके पर आ गया। तीनों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और उसके पर्स से 5 हजार रुपये नकद तथा हाथ में पहनी सोने की अंगूठी लूटकर भाग निकले।
पीड़ित की शिकायत पर आमानाका थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 376/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(6) और 3(5) में मामला दर्ज किया गया।
सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से पकड़े गए आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिन्सन गुरिया ने आरोपियों को जल्द पकड़ने के निर्देश दिए। इसके बाद ACCU और आमानाका पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई।
टीम ने पीड़ित से घटना और आरोपियों के हुलिए के बारे में विस्तार से पूछताछ की। घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। वारदात में इस्तेमाल हुई बाइक की जानकारी जुटाई गई और तकनीकी साक्ष्यों की भी मदद ली गई। इसी बीच मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दुष्यंत साहू और शुभांशु नागवंशी उर्फ शिब्बू को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने वारदात को अंजाम देना कबूल कर लिया।
पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। मामले में शामिल तीसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
दुष्यंत साहू (22 वर्ष), पिता ललित साहू, निवासी डुमर तालाब, पुराना आमानाका थाना के पास, थाना आमानाका, रायपुर
शुभांशु नागवंशी उर्फ शिब्बू (21 वर्ष), पिता हेमंत नागवंशी, निवासी तिवारी कॉलोनी, डुमर तालाब, पुराना आमानाका थाना के पीछे, थाना आमानाका, रायपुर
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story