छत्तीसगढ़

मंत्रालय में नौकरी और आवास दिलाने के नाम पर ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
21 Sept 2026 8:40 PM IST
मंत्रालय में नौकरी और आवास दिलाने के नाम पर ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार
x
छग
Dhamtari. धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में सरकारी नौकरी और आवास दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपए की ठगी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने खुद को मंत्रालय में कार्यरत बताकर छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के पारिजात भवन का आवंटन कराने का भरोसा दिलाया और पीड़ित से 9 लाख रुपए से अधिक की रकम ले ली। मामले में शिकायत मिलने के बाद धमतरी सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शशि प्रभा साहू और अमित कुमार देवांगन को गिरफ्तार किया है।
होटल में हुई थी आरोपियों से मुलाकात
पुलिस के अनुसार, बालोद जिले के भानपुरी थाना गुरूर निवासी मनीष साहू (27 वर्ष) ने सिटी कोतवाली थाना धमतरी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि फरवरी 2024 में उसकी मुलाकात धमतरी के रुद्री रोड स्थित एक होटल में शशि प्रभा साहू और अमित कुमार देवांगन से हुई थी। आरोप है कि दोनों ने खुद को मंत्रालय में कार्यरत बताते हुए पीड़ित को अपने विश्वास में लिया।
पारिजात भवन दिलाने का दिया झांसा
आरोपियों ने मनीष साहू से कहा कि वे छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के पारिजात भवन का आवंटन करा सकते हैं। पीड़ित को भरोसा दिलाने के लिए आरोपी उसे मंत्रालय यानी महानदी भवन लेकर गए और बाहर खड़े होकर भवन आवंटन की प्रक्रिया समझाई। इसके बाद आरोपियों ने भवन की कीमत 14 लाख 12 हजार रुपए बताई।
अलग-अलग माध्यमों से लिए 9 लाख रुपए
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पीड़ित से अलग-अलग किस्तों में बैंक खातों, फोन-पे, गूगल-पे और नकद माध्यमों से कुल 9 लाख 8 हजार रुपए ले लिए। इसके अलावा आरोपियों ने पीड़ित से बैंक ऑफ बड़ौदा और स्टेट बैंक के दो खाली हस्ताक्षरित चेक भी ले लिए। जब काफी समय बाद भी आवास का आवंटन नहीं हुआ तो पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ और उसने रकम वापस मांगी। आरोप है कि आरोपियों ने केवल 2 लाख 98 हजार 999 रुपए लौटाए और बाकी रकम वापस नहीं की।
शिकायत के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
पीड़ित की शिकायत पर धमतरी सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4) और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारी के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने शशि प्रभा साहू पति प्रीतम साहू (50 वर्ष) और अमित कुमार देवांगन पिता स्वर्गीय सुखराम देवांगन (38 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब मामले में आगे की जांच कर रही है और ठगी से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
Next Story