छत्तीसगढ़

रुपए के विवाद में कुदारी से सिर पर जानलेवा हमला, दो आरोपी गिरफ्तार

SHIDDHANT
10 Sept 2026 10:23 PM IST
रुपए के विवाद में कुदारी से सिर पर जानलेवा हमला, दो आरोपी गिरफ्तार
x
छग
Mungeli मुंगेली। पुरानी रंजिश और रुपए के लेन-देन के विवाद को लेकर एक व्यक्ति के सिर पर कुदाली से कथित जानलेवा हमला करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार हमले में घायल व्यक्ति बेहोश हो गया था और उसका चेहरा खून से लथपथ था। मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 7 सितंबर को औराबांधा निवासी भवानी सिंह ठाकुर ने सिटी कोतवाली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि सुबह करीब 6 बजे वह अपने घर पर था। इसी दौरान गांव के अभिषेक सिंह ठाकुर ने आकर जानकारी दी कि उसके चाचा हरिवंश सिंह ठाकुर खेत की तरफ जा रहे थे।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, हरिवंश सिंह ठाकुर जब राजू मरकाम के घर के पास पहुंचे तो पुरानी रंजिश और रुपए-पैसे के विवाद को लेकर झगड़ा हो गया। आरोप है कि राजू मरकाम और संतोष मरकाम ने एक राय होकर हरिवंश सिंह से कुदाली छीन ली और उनके सिर पर प्राणघातक वार कर दिया। सूचना मिलने के बाद भवानी सिंह मौके पर पहुंचा तो उसका चाचा बेहोशी की हालत में मिला और चेहरा खून से लथपथ था। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में आरोपियों की तलाश शुरू की गई। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ सीन ऑफ क्राइम मोबाइल यूनिट की मदद भी ली गई। पुलिस ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार पूछताछ और विवेचना के बाद राजू मरकाम और संतोष मरकाम को गिरफ्तार किया गया। राजू मरकाम की निशानदेही पर घटना में कथित रूप से इस्तेमाल की गई एक कुदाली भी जब्त की गई है। सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 281/2026 के तहत बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(3), 109 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को 8 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
Next Story