
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र में आम लोगों को धारदार चाकू दिखाकर डराने-धमकाने और लूटपाट का प्रयास करने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, अभनपुर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि यारा द पंजाबी ढाबा के पास तीन युवक मोटरसाइकिल से पहुंचे हैं और धारदार चाकू लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना में यह भी बताया गया था कि आरोपी लूटपाट की कोशिश कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही अभनपुर थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को आता देखकर तीनों आरोपी वहां से भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू बंजारे उर्फ राजू पठान (30 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 7 अभनपुर और दीपक वर्मा (25 वर्ष), निवासी ग्राम बड़े उरला के रूप में की है। वहीं फरार आरोपी की पहचान मोहित मिता, निवासी ग्राम टोकरो के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी राजू बंजारे के कब्जे से एक स्टील का धारदार चाकू बरामद किया है। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल क्रमांक CG-04-KC-3871 को भी जब्त किया गया है। पुलिस ने जब आरोपी से चाकू रखने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे तो वह कोई भी अनुमति या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार हथियार जब्ती की कार्रवाई की। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 111 बीएनएस और धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी राजू बंजारे उर्फ राजू पठान का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है। उसके खिलाफ थाने में लूट और चाकूबाजी से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार आरोपी मोहित मिता की तलाश के लिए टीम सक्रिय है। जल्द ही उसे गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। अभनपुर पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। हथियार लेकर घूमने, लोगों को डराने-धमकाने या कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध हथियार रखने वाले व्यक्ति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Next Story





