
x
छत्तीसगढ़
Durg दुर्ग: जिले के कुम्हारी टोल प्लाजा के पास वाहन चेकिंग के दौरान तेज रफ्तार कार चालक ने एक पुलिस आरक्षक को कुचलने की कोशिश की। घटना के बाद ट्रैफिक पुलिस ने करीब 14 किलोमीटर तक पीछा कर भिलाई-3 के सिरसा गेट के पास दो आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार दोपहर ट्रैफिक पुलिस की टीम वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान रायपुर से दुर्ग की ओर आ रही एक कार में ब्लैक फिल्म लगी होने के कारण आरक्षक रमेश चंद्राकर ने वाहन रोकने का संकेत दिया। आरोप है कि चालक ने कार रोकने के बजाय गति बढ़ा दी और आरक्षक की ओर वाहन चढ़ाने की कोशिश की। बचने के प्रयास में आरक्षक सड़क पर गिर गए, जिससे उनके हाथ में चोट आई।
घटना के बाद पुलिस टीम ने कार का पीछा शुरू किया और सिरसा गेट के पास वाहन को रोक लिया। कार में दो युवक, एक किशोरी और एक युवती सवार थे। पूछताछ में आरोपियों की पहचान नागपुर निवासी रमजान और जाकिर मोहम्मद के रूप में हुई। वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस ने गांजा, सिगरेट और सेक्स पावर की गोलियां बरामद कीं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Next Story





