छत्तीसगढ़

मानव तस्करी मामलें में दो फरार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

Shantanu Roy
24 April 2024 6:52 PM GMT
मानव तस्करी मामलें में दो फरार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा
x
छग
जशपुर। जशपुर जिले के तपकरा थाना क्षेत्र के दो किशोरी और एक किशोर के अपहरण कर सौदा करने के मामले में दो फरार आरोपियों को मध्यप्रदेश के ग्वालियर से गिरफ्तार कर लिया गया है। महिला रिश्तेदार की गिरफ्तारी की भनक लगते ही दोनों मुख्य आरोपी भाग गए थे। आरोपियों ने दोनों किशोरियों का एक अमीर आदमी से 3 लाख में सौदा किया था। मामला तपकरा थाना क्षेत्र का है। एसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि इस मामले में पूर्व में गिरफ्तार महिला आरोपित दो किशोरी और एक किशोर को अच्छी नौकरी का लालच देकर छतरपुर में कोमल अहिरवार (32 साल) और नीलू उर्फ ठुनी उर्फ निर्मला नायक (30 साल) को सौंप दिया था। आरोपी कोमल अहिरवार साल 2021 में भी मानव तस्करी के एक मामले में जेल जा चुका है। बता दें कि किशोरों की महिला रिश्तेदार ने दिल्ली में अमीर आदमी से शादी और नौकरी दिलाने का झांसा देकर तीन किशोरों को मानव तस्करी का शिकार बनाया था। तीनों किशोरों को 21 अप्रैल को अंबिकापुर से बरामद कर स्वजनों को सौंप चुकी है।
पूछताछ में पीड़ित किशोरों ने बताया कि 10 अप्रैल को उनकी रिश्तेदार आरोपी महिला उनके घर आई और बिना किसी को बताए दोनों नातिन और पोते को अपने साथ अपने घर लेकर आ गई। आरोपित महिला ने उन तीनों 2 दिन अपने साथ रखने के बाद 12 अप्रैल को दोनों बहनों को तपकरा क्षेत्र स्थित घर लाकर पिता की मृत्यु का पैसा मिलने और बड़े घर में शादी कराने का झांसा दिया। आरोपित महिला ने तीनों भाई-बहन को कुनकुरी, कांसाबेल से अंबिकापुर होते हुए मध्यप्रदेश के छतरपुर ले आई। पीड़ितों ने बताया कि आरोपित महिला ने दोनों लड़कियों को अच्छे घर में शादी करने और दिल्ली में नौकरी दिलाने का आश्वासन देकर एक घर में बंधक बना लिया। यहां एक अज्ञात व्यक्ति से किशोरियों की शादी कराने की भी कोशिश की।
किशोरियों के राजी ना होने से आरोपियों के इरादे पर पानी फिर गया। इस बीच लापता किशोरों के बरामद के लिए जशपुर पुलिस द्वारा किए जा रहे कार्रवाई से डर कर आरोपित महिला ने तीनों को छतरपुर से अंबिकापुर लाकर छोड़ दिया था। यहां से पुलिस ने उन्हें बरामद कर संरक्षित किया है। मानव तस्करी के मामले में गिरफ्तार आरोपी महिला ने पूछताछ में पुलिस को बताया है कि उसने दोनों किशोरियों का 3 लाख में सौदा किया था। दोनों किशोरियों को शादी का झांसा देकर उन्हें बेचना चाहती थी। लेकिन किशोरियों के विवाह के लिए राजी ना होने और पुलिस के दबाव के कारण वह सफल नहीं हो सकी।
इस मामले में पीड़ितों के बयान और आरोपित महिला के कबूलनामा के आधार पर तपकरा पुलिस ने आरोपित महिला और उसके दो फरार साथियों के खिलाफ धारा 363,365,366 (क),368,120 (बी) और 370 के अंर्तगत अपराध दर्ज करते हुए गिरफ्तार महिला को जेल भेज दिया है।​​​​​​​ दरअसल, तपकरा थाना क्षेत्र के एक गांव के 65 वर्षीय बुजुर्ग ने अपने दो नाती और एक पोते के घर से बिना बताएं लापता होने की रिपोर्ट 18 अप्रैल को दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि उसके बेटे का रोड एक्सीडेंट में मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से उसकी बहू ने दूसरी शादी कर ली। इन दिनों उसके दो नाती और एक पोता प्रार्थी के भाई के पास रहा करते थे।
प्रार्थी 12 अप्रैल को बकरी चरा कर घर वापस लौटा तो तीनों बच्चे घर में नहीं मिले। उसकी बहू ने बताया कि बिना किसी को बताए बच्चे कहीं चले गए हैं। इस पर उसने गांव में तलाश की तो कुछ लोगों ने तीनों को एक रिश्तेदार के साथ स्कूटी में बैठकर जाते हुए देखा था। लेकिन, जब उसने उस महिला से संपर्क किया तो उसने बच्चों के बारे में किसी प्रकार की जानकारी होने से साफ मना कर दिया। जशपुर एसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि मामले में 1 आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। दो फरार आरोपितों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके बाद मानव तस्करी का बड़ा मामला उजागर होने की संभावना है।
Next Story