छत्तीसगढ़

ट्रक ने स्कूटी सवार बुजुर्ग को रौंदा, गंभीर हालत में अस्पताल भर्ती

Shantanu Roy
3 Nov 2026 9:09 PM IST
ट्रक ने स्कूटी सवार बुजुर्ग को रौंदा, गंभीर हालत में अस्पताल भर्ती
x
छग
Raigarh. रायगढ़। औद्योगिक नगरी रायगढ़ के जूटमिल थाना क्षेत्र अंतर्गत काशीराम चौक सिग्नल के पास मंगलवार सुबह एक भीषण और दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। छातामुड़ा बाईपास की ओर से ओडिशा रोड की तरफ जा रहे एक अनियंत्रित भारी ट्रक ने स्कूटी सवार एक अज्ञात बुजुर्ग को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 10:30 से 11:00 बजे के बीच का बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक बुजुर्ग अपनी स्कूटी से काशीराम चौक सिग्नल के पास से गुजर रहे थे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोटें आने के कारण तड़पने लगे, जिससे मौके पर काफी खून फैल गया।
घटना को अंजाम देने के तुरंत बाद ट्रक चालक बिना रुके वाहन सहित ओडिशा रोड की ओर बड़ी तेजी से भाग निकला। वहां मौजूद राहगीरों और प्रत्यक्षदर्शियों ने ट्रक का पीछा करने का प्रयास भी किया, लेकिन तेज रफ्तार होने के कारण ट्रक चालक भागने में सफल रहा।
हादसे की सूचना तुरंत स्थानीय लोगों द्वारा जूटमिल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही जूटमिल पुलिस की टीम बिना समय गंवाए घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मानवता दिखाते हुए लहूलुहान पड़े बुजुर्ग को तुरंत एम्बुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। इसके साथ ही दुर्घटनास्थल पर सड़क पर फैले रक्त को पानी से साफ करवाकर यातायात को सुचारू कराया गया।
फिलहाल समाचार लिखे जाने तक घायल बुजुर्ग की पहचान नहीं हो पाई है। जूटमिल पुलिस द्वारा आसपास के लोगों और अन्य माध्यमों से बुजुर्ग के परिजनों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए काशीराम चौक और ओडिशा रोड मार्ग पर लगे विभिन्न सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है ताकि फरार ट्रक का नंबर और पहचान उजागर हो सके। रायगढ़ पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक और ट्रक की तलाश तेजी से की जा रही है तथा जल्द ही उसे गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Next Story