छत्तीसगढ़

श्रद्धालुओं से भरी पिकअप को ट्रक ने मारी टक्कर, 2 की मौत, 15 घायल

Shantanu Roy
31 Aug 2026 6:11 PM IST
श्रद्धालुओं से भरी पिकअप को ट्रक ने मारी टक्कर, 2 की मौत, 15 घायल
x
छग
Sarangarh-Bilaigarh. सारंगढ़-बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में श्रद्धालुओं से भरी पिकअप को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप सवार दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। घायलों में पांच की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रायगढ़ रेफर किया गया है। हादसा सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में CPM कॉलेज के पास हुआ। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है और हादसे में शामिल ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, महासमुंद जिले के बागबहरा क्षेत्र से करीब 25 लोग एक पिकअप वाहन में सवार होकर चंद्रपुर स्थित प्रसिद्ध मां चंद्रहासिनी मंदिर में दर्शन करने गए थे। सभी श्रद्धालु माता के दर्शन के बाद पिकअप से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सारंगढ़ शहर के CPM कॉलेज के पास उनकी पिकअप को पीछे से आ रहे एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप में सवार श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद वाहन में सवार लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना सिटी कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पिकअप से बाहर निकाला।
हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत
दुर्घटना में उमेश दीवान (14) और भुवनेश्वरी दीवान (40) की मौत हो गई। हादसे में चेतन ठाकुर (15), हेमलाल दीवान (32), अंजलि दीवान (18), केशव राम पटेल (50), होलेश्वर ठाकुर (35), कामिनी दीवान (28), योगेश दीवान (32), कुसुम ठाकुर (17), वीर पटेल (13), रूपलाल पटेल (35), रूपलाल पटेल की बेटी, ओम बाई ठाकुर (34), केशव पटेल (50), फलीस ठाकुर (34) और टेक सिंह ध्रुव (25) घायल हुए हैं। पुलिस और ग्रामीणों ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। घायलों में पांच की स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायगढ़ रेफर कर दिया। अन्य घायलों का स्थानीय अस्पताल में इलाज जारी है।
ट्रक चालक गिरफ्तार
घटना के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना के समय ट्रक की गति कितनी थी और चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। हादसे के बाद मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की कार्रवाई की गई।
दर्शन से लौटते समय हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि श्रद्धालु मां चंद्रहासिनी माता के दर्शन के बाद अपने घर लौट रहे थे। धार्मिक यात्रा से लौट रहे परिवारों पर हादसे की खबर के बाद दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। दुर्घटना ने एक बार फिर सड़क पर भारी वाहनों की लापरवाही और पीछे से टक्कर के मामलों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे में घायल लोगों के स्वास्थ्य पर भी नजर रखी जा रही है।
Next Story