
जगदलपुर। हैदराबाद से रायपुर जा रहा आमों से भरा ट्रक जगदलपुर के चांदनी चौक स्थित ट्रैफिक सिग्नल को तोड़ते हुए पलट गया। घटना के बाद सडक़ पर आम बिखर गया। इसकी जानकारी लगते ही यातायात पुलिस के साथ ही कोतवाली थाना प्रभारी के साथ ही नगर पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंच जांच में जुट गए।
घटना के बारे में जानकारी देते हुए नगर पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह 5 बजे सूचना मिली कि एक तेज रफ्तार ट्रक चांदनी चौक में ट्रैफिक सिग्नल को तोड़ते हुए पलट गया। हादसे में चालक के साथ ही अन्य साथी सही सलामत हैं।
बताया जा रहा है कि ये सभी आम हैदराबाद से रायपुर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मौके पर पहुंचने के बाद सडक़ पर बिखरे आम को जमा करवाना शुरू करवा दिया, वहीं सडक़ पर पलटे ट्रक के चारों ओर बेरीकेट लगा दिया गया, जिससे कोई भी वाहन चालक न घुस सके और आमों को अपने साथ न ले जा सके। पुलिस ने पूरी सतर्कता के साथ सडक़ पर बिखरे आमों को इकठ्ठा करवाया और उसे दूसरे डिब्बों में भर सही सलामत दूसरे ट्रक में भरवाया गया।





