
x
छग
Raipur. रायपुर। तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में राहगीरों और ट्रक चालकों को निशाना बनाकर चाकू की नोक पर लूटपाट करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 27 अगस्त की रात ट्रक के केबिन में सो रहे चालक को चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और मारपीट करने के बाद उसकी जेब से 4,500 रुपये नकद और 5,000 रुपये कीमत का Redmi मोबाइल फोन लूट लिया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर चारों आरोपियों को पकड़ लिया।
ट्रक के केबिन में घुसकर दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सुनील राम मूल रूप से ग्राम भरौली, थाना नरही, जिला बलिया, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और वर्तमान में रायपुर के रांवाभाठा में रहकर नारायण मूर्ति ट्रांसपोर्ट कंपनी में ट्रक चालक का काम करता है। सुनील राम 26 अगस्त को ट्रक क्रमांक CG 04 PP 5250 में जांजगीर-चांपा जिले से लोहा लोड कर राम दूत इस्पात कंपनी, ग्राम कोनारी पहुंचा था। कंपनी के बाहर ट्रक खड़ा करने के बाद वह ट्रक के केबिन में ही सो गया। रात करीब 2 बजे चार आरोपी ट्रक के केबिन का कांच खोलकर अंदर घुस गए। आरोपियों ने चालक को चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसके साथ हाथ-मुक्के से मारपीट की और जेब में रखे 4,500 रुपये तथा Redmi मोबाइल फोन लूटकर मौके से फरार हो गए।
आरोपियों की पहचान में मिले अहम सुराग
घटना के दौरान आरोपी आपस में एक-दूसरे को साहिल, सोनू और वीरू नाम से पुकार रहे थे। वहीं वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल का नंबर भी प्रार्थी ने पुलिस को बताया था। इन सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंचल तिवारी और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस विधानसभा वीरेंद्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई।
मुखबिर की सूचना पर चारों आरोपी दबोचे
पुलिस टीम ने घटना में इस्तेमाल वाहन, आरोपियों के हुलिए और अन्य तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। क्षेत्र में लगातार संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की गई। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश देकर अकबर पारधी, सोनू मांडवी, साहिल उइके और विरु पारधी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने ट्रक चालक से लूट की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने लूट की रकम, मोबाइल फोन, चाकू और घटना में इस्तेमाल प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद कर ली।
59,500 रुपये का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से कुल 59,500 रुपये का मशरूका बरामद किया है। इसमें घटना में प्रयुक्त एक चाकू, 4,500 रुपये नकद, 5,000 रुपये कीमत का Redmi मोबाइल फोन और करीब 50,000 रुपये कीमत की प्लेटिना मोटरसाइकिल शामिल है।
गिरफ्तार आरोपी
अकबर पारधी, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम जलसों, थाना तिल्दा-नेवरा।
सोनू मांडवी, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम खमरिया, थाना तिल्दा-नेवरा।
साहिल उइके, उम्र 18 वर्ष, निवासी ग्राम जलसों, थाना तिल्दा-नेवरा।
विरु पारधी, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम देवगांव, थाना खरोरा।
चारों के खिलाफ थाना तिल्दा-नेवरा में अपराध क्रमांक 362/2026, धारा 309(4), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपियों से क्षेत्र में हुई अन्य लूट और चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। अन्य मामलों में संलिप्तता सामने आने पर अलग से कार्रवाई की जाएगी।
Tagsरायपुर लूट कांडतिल्दा-नेवरा पुलिसट्रक चालक से लूटचाकू की नोक पर लूटचार आरोपी गिरफ्ताररायपुर क्राइम न्यूजट्रक ड्राइवर लूटनकदी मोबाइल बरामदप्लेटिना बाइक जब्तअकबर पारधीसोनू मांडवीसाहिल उइकेविरु पारधीचाकू से लूटRaipur robbery caseTilda-Nevara policerobbery from truck driverrobbery at knife pointfour accused arrestedRaipur crime newstruck driver robberycash and mobile recoveredPlatina bike seizedAkbar PardhiSonu MandviSahil UikeViru Pardhirobbery with knife
Next Story





