छत्तीसगढ़

SC से सरकार को झटका दिलाने वाली महिला सरपंच की बढ़ी मुश्किलें, FIR दर्ज

Nil dhankar
1 Dec 2024 1:10 PM IST
SC से सरकार को झटका दिलाने वाली महिला सरपंच की बढ़ी मुश्किलें, FIR दर्ज
x
छग

जशपुर। बीते कुछ दिनों से सुर्खियों में रहने वाली साजबाहर गांव की महिला सरपंच सोनम लकड़ा के खिलाफ पंचायत सचिव ने FIR दर्ज कराई है। पंचायत सचिव का आरोप है कि सोनम लकड़ा ने निर्माण कार्यों के नाम पर हेराफेरी की है। फिलहाल सचिव की शिकायत पर मामला दर्ज कर तपकरा पुलिस जांच कर रही है। बता दें कि सोनम लकड़ा को रिपा मामले में सस्पेंड किया गया था, जिसे लेकर सोनम ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। सुप्रीम कोर्ट ने सरकार पर 1 लाख रुपए को जुर्माना लगाते हुए बहाली का आदेश दिया था।

मामले में सुनवाई करते हुए पीठ ने 14 नवंबर को पारित कड़े शब्दों वाले आदेश में कहा गया, ‘‘अपनी औपनिवेशिक सोच के कारण प्रशासनिक अधिकारी एक बार फिर निर्वाचित जनप्रतिनिधि और चयनित लोक सेवक के बीच मूलभूत अंतर को पहचानने में असफल रहे हैं। अपीलकर्ता जैसे निर्वाचित प्रतिनिधियों को अक्सर नौकरशाहों के अधीनस्थ समझा जाता है, जिन्हें ऐसे निर्देशों का पालन करने के लिए बाध्य किया जाता है, जो उनकी स्वायत्तता का अतिक्रमण करते हैं और उनकी जवाबदेही को प्रभावित करते हैं।’’

उच्चतम न्यायालय ने कहा कि ‘‘गलत धारणा के आधर पर और स्वयंभू पर्यवेक्षी शक्ति’’ का प्रयोग निर्वाचित प्रतिनिधियों को सिविल पदों पर आसीन लोक सेवकों के बराबर मानने के इरादे से किया गया, जो चुनाव द्वारा प्रदत्त लोकतांत्रिक वैधता की पूरी तरह से अवहेलना है। आदेश में कहा गया, ‘‘हमें इस बात की गहरी चिंता है कि इस तरह के मामलों की पुनरावृत्ति हो रही है, जहां प्रशासनिक अधिकारी और ग्राम पंचायत सदस्य महिला सरपंचों के खिलाफ प्रतिशोध लेने के लिए मिलीभगत करते हैं। ऐसे उदाहरण पूर्वाग्रह और भेदभाव के प्रणालीगत मुद्दे को उजागर करते हैं।’’

Next Story