छत्तीसगढ़

जिंदगी से परेशान होकर दे रहा हूं जान, सुसाइड नोट लिखकर नदी में कूदा युवक

Nilmani Pal
23 July 2023 10:23 AM GMT
जिंदगी से परेशान होकर दे रहा हूं जान, सुसाइड नोट लिखकर नदी में कूदा युवक
x
छग

दुर्ग जिले में लिव इन में रह रहे एक युवक ने खुदकुशी कर ली है। वह जान देने के लिए नदी में कूद गया था। इसके अलावा उसके पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें उसने लिखा है कि मैं जिंदगी से परेशान हो चुका हूं। इसलिए जान दे रहा हूं। मामला जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र का है। मूल रूप से कोरबा के बुधवारी बाजार इलाके का रहने वाला चंद्रशेखर सोनी (32) पिछले 4 सालों से दुर्ग के आमापारा में अपनी गर्लफ्रेंड सावित्री देवांगन के साथ रह रहा था। वो यहां पर किसी चश्मा दुकान में काम करता था।सावित्री भी कोरबा की रहने वाली है।

बताया जा रहा है कि चंद्रशेखर ने आखिरी बार 19 जुलाई को अपनी गर्लफ्रेंड से बात की थी। इसके बाद से उसका फोन बंद आ रहा था। ये भी पता चला है कि चंद्रशेखर परिवार को लेकर काफी दुखी था। इस बीच 19 जुलाई को वो बाइक लेकर घर से निकला था। इसके बाद वह डांडेसरा के पास शिवनाथ नदी पर बने ब्रिज के पास पहुंचा। बाइक को उसने ठाकुर होटल के पास रखा और ब्रिज से नदी में छलांग लगा दी। आस-पास खड़े लोगों ने उसे नदी में छलांग लगाते देखा था। जिसके बाद इस मामले की सूचना पुलिस को दी गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों को भी उसकी तलाश के लिए नदी में उतारा गया था। जिसके बाद उसका शव शुक्रवार शाम को करीब 2 दिन बाद मिला था। लाश को निकालने के बाद पुलिस ने उसके कपड़ों की तलाशी ली तो उसमें से सुसाइड नोट मिला। जिसमें उसने लिखा था कि वो अपनी जिंदगी से बहुत ज्यादा परेशान हो गया है और आत्महत्या कर रहा है। इसके लिए वो खुद जिम्मेदार है। साथ ही उसने सावित्री का मोबाइल नंबर भी लिखा था।

उस नंबर पर पुलिस ने फोन करके प्रेमिका को बुलवाया। इसके बाद उसने शव की पहचान चंद्रशेखर सोनी के रूप में की। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया और उसे परिवार वालों को सौंप दिया है। अब रविवार को पूरे मामले की जानकारी सामने आ सकी है। पुलिस उसकी गर्लफ्रेंड से भी पूछताछ कर रही है।


Next Story