छत्तीसगढ़

ससुर के प्रताड़ना से परेशान महिला ने की खुदकुशी करने की कोशिश, नदी में लगाई छलांग

Nilmani Pal
24 Nov 2021 10:29 AM GMT
ससुर के प्रताड़ना से परेशान महिला ने की खुदकुशी करने की कोशिश, नदी में लगाई छलांग
x
छग न्यूज़

बिलासपुर। चकरभाठा के सेंवार गांव में रहने वाली महिला घरेलू विवाद से परेशान होकर अपने दो मासूम बच्चों के साथ नदी में आत्महत्या करने कूद गई। नदी में नहाने के लिए गई एक महिला ने इसे देखकर महिला और उसके बच्चों को निकाल लिया। इसके बाद घटना की सूचना डायल 112 को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को समझाईश दी। इसके बाद महिला को उसके घर पहुंचा दिया गया।

चकरभाठा क्षेत्र में रहने वाली राजेश्वरी गृहणी हैं। वह अपने पति और दो बच्चों को साथ लेकर पिरैया गांव के ईंट भट्टे में काम करती है। महिला ने बताया कि उसका ससुर कलीराम उसे प्रताड़ित करता है। वहीं, इसकी जानकारी देने पर मंगलवार की सुबह पति राजेश्वर ने मारपीट की। इसके बाद महिला अपने एक साल के बेटे और तीन साल की बेटी को साथ लेकर घर से निकल गई। महिला ने अपने बच्चों को लेकर कनेरी गांव पहुंच गई।

यहां पर उसने अपने मासूम बच्चों के साथ अरपा नदी में छलांग लगा दी। वहां नहाने के लिए पहुंची एक महिला ने इसे देख लिया। उसने किसी तरह बच्चों और महिला को पानी से निकाला। इसके बाद घटना की जानकारी आसपास के लोगों को दी। साथ ही इसकी सूचना डायल 112 की टीम को दी गई। इस पर डायल 112 में तैनात आरक्षक सुरेश पटेल वहां पहुंच गए। उन्होंने महिला को समझाइश दी। इसके बाद घटना का कारण पूछा। इसमें महिला ने ससुर और पति द्वारा प्रताड़ित करने की जानकारी दी। पूछताछ के बाद डायल 112 से महिला को उसके घर पहुंचाया गया। पुलिस ने महिला के पति और परिवार वालों को भी घटना की जानकारी दी है। इसके बाद पिरैया गांव के सरपंच हजारी प्रसाद को बुलवाकर महिला और उसके परिवार वालों को समझाइश दी गई।


Next Story